कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच जारी वनडे सीरीज़ के दौरान शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम के चार खिलाड़ियों की तबीयत अचानक खराब हो गई। टीम मैनेजमेंट के अनुसार, सभी खिलाड़ियों को पेट से संबंधित संक्रमण की शिकायत थी। इनमें सबसे गंभीर स्थिति तेज गेंदबाज हेनरी थॉर्नटन की थी, जिन्हें तुरंत रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य तीन खिलाड़ियों की जांच के बाद हालत सामान्य पाई गई और उन्हें छुट्टी दे दी गई।
सूत्रों के अनुसार इस बीमारी के पीछे होटल का खाना संभावित कारण हो सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के मैनेजर ने बताया कि सभी खिलाड़ियों को सावधानी के तौर पर अस्पताल ले जाया गया था ताकि किसी गंभीर स्थिति से पहले जांच की जा सके।
टीम मैनेजमेंट ने बदली डाइट, स्थानीय भोजन से परहेज के निर्देश
इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खिलाड़ियों की डाइट में बदलाव किया। अब उन्हें स्थानीय भोजन से दूर रहने और केवल निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार खाना खाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, खिलाड़ियों को बोतलबंद पानी और स्वच्छ भोजन लेने के निर्देश दिए गए हैं। मैनेजमेंट का कहना है कि हालांकि इस घटना से टीम की तैयारियों पर कुछ असर पड़ा है, लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा और सेहत सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह भी बताया गया कि सभी प्रभावित खिलाड़ी पहले वनडे मैच में शामिल थे, और फिलहाल टीम की मेडिकल यूनिट लगातार उनकी स्थिति की देखभाल कर रही है।
डॉक्टरों ने बताया थॉर्नटन की हालत स्थिर, जांच में नहीं मिली गड़बड़ी
रीजेंसी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, हेनरी थॉर्नटन की स्थिति अब स्थिर है और उनमें लगातार सुधार देखा जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि वह मैदान पर कब वापसी करेंगे, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। इस बीच, फूड डिपार्टमेंट ने होटल से खाने के सैंपल लेकर जांच की है, लेकिन उनमें कोई भी गड़बड़ी नहीं पाई गई। होटल लैंडमार्क के प्रबंधन ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की तबीयत खराब होने के पीछे मौसम में अचानक आया बदलाव भी एक कारण हो सकता है।
बीसीसीआई और होटल मैनेजमेंट की सफाई
इस मामले पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि होटल लैंडमार्क की गुणवत्ता हमेशा उच्च स्तर की रही है। उन्होंने बताया कि यदि भोजन में कोई खराबी होती, तो केवल चार नहीं बल्कि और भी खिलाड़ी बीमार पड़ते। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बीसीसीआई पूरी घटना की निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर आगे जांच कराई जाएगी।
फिलहाल, ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ी रिकवरी मोड में हैं और टीम मैनेजमेंट ने बताया कि हेनरी थॉर्नटन को जल्द ही मैदान पर वापसी के लिए तैयार किया जाएगा। हालांकि, इस घटना ने विदेशी टीमों के लिए भारत में खाने और स्वच्छता मानकों पर एक बार फिर शक बढ़ा दी है।
Keywords: Australia Team A, India Team A, Kanpur Green Park, Henry Thornton, Food Poisoning, BCCI, Player Health

