मुंबई से सटे वसई-विरार इलाके में इन दिनों लगातार मिल रहे शवों की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। पिछले कुछ दिनों में एक के बाद एक कई लाशें मिलने से स्थानीय लोग भयभीत हैं और पुलिस भी सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में रविवार को भी करीब 40 से 45 वर्ष के एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। इससे पहले भी कई मामलों में किसी का सिर कटा मिला तो कहीं सड़ी-गली हालत में शव मिला, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते करीब 16 दिनों में यहां से कई शव बरामद हो चुके हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।
फिलहाल ताजा मामले में मिले व्यक्ति की मौत कैसे हुई या यह हत्या है या नहीं, इसकी जांच जारी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। वहीं पुलिस ने जांच तेज कर दी है और लोगों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और घबराने की जरूरत नहीं है।
आंकड़ों पर डालें नजर:
21 मार्च 2026 – शिरवली (विरार पूर्व): इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। जांच के दौरान पुलिस को शक पति पर गया और पूछताछ में हत्या का मामला सामने आया। बाद में आरोपी पति और उसके सहयोगी को हिरासत में ले लिया गया।
23–24 मार्च 2026 – नालासोपारा (धानिवबाग): लापता हुई 6 वर्षीय बच्ची की तलाश के बीच उसका शव एक कुएं से बरामद हुआ। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, जबकि मौत के कारणों को लेकर अब भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
26–27 मार्च 2026 – पेल्हार फाटा (नालासोपारा): एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया और शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन को हत्या की वजह बताया।
मार्च 2026 – नालासोपारा पश्चिम (डी-मार्ट के पास): नाले में एक अज्ञात महिला का शव मिलने का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस मृतका की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
30–31 मार्च 2026 – फूलपाड़ा (विरार): एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
5 अप्रैल 2026 – विरार फाटा (राजमार्ग): राजमार्ग किनारे एक मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दुर्घटना का मामला है या किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा।
Keywords: Vasai Virar News, Mumbai Crime News, Maharashtra Crime Update, Police Investigation Virar, Local Fear Vasai Virar, Unidentified Bodies Mumbai

