मुंबई (महाराष्ट्र): मुंबई के घाटकोपर इलाके में दो नाबालिग बच्चियों से कथित दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर बीजेपी नेता किरिट सोमैया और मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने घाटकोपर पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवारों के साथ गलत व्यवहार किया।
किरिट सोमैया ने दावा किया कि आरोपी फिरोज इकबाल ने चार बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की, जिसमें 5-6 साल की बच्चियां भी शामिल थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार द्वारा शिकायत करने के बावजूद पुलिस आरोपी को पकड़ने में आनाकानी कर रही थी और उल्टा पीड़ित परिवारों को ही गिरफ्तार कर लिया गया। सोमैया ने मांग की कि आरोपी के साथ-साथ उन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने उसकी मदद की।
वहीं मेयर रितु तावड़े ने कहा कि घटना बेहद गंभीर और संवेदनशील है, ऐसे समय में पुलिस को पीड़ित परिवार को सहारा देना चाहिए था, न कि उन्हें ही हिरासत में लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना से आक्रोशित परिवार की प्रतिक्रिया को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। तावड़े के अनुसार, उन्होंने जो वीडियो देखा उसमें परिवार की ओर से किसी तरह का हमला नहीं हुआ था।
बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित परिवारों को रिहा नहीं किया जाता और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
Keywords: Mumbai Minor Rape Case, Ghatkopar Police Protest, Kirit Somaiya Statement, Ritu Tawde Allegations, Mumbai Crime News, Minor Girls Assault Case, Police Action Controversy, BJP Protest Mumbai, Firoz Iqbal Case, Mumbai Latest News

