मुंबई: बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर शिवसेना ने राज्यभर में कई जनहितकारी योजनाओं की शुरुआत की है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि “आरोग्य आपके द्वार” अभियान के तहत घर-घर स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जो पहले मुंबई से शुरू होकर पूरे महाराष्ट्र में लागू होगी। इसके अलावा, मनपा अस्पतालों में मुफ्त इलाज और कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी जाएगी। गड-किला स्वच्छता अभियान के तहत किलों को प्लास्टिक-मुक्त बनाया जाएगा और यहां आरओ पानी की व्यवस्था की जाएगी।
इस अभियान में शामिल होने वाली संस्थाओं को 1 लाख रुपये का मानधन मिलेगा। महिला बचत समूहों, मराठी भाषा के संरक्षण, सड़क सुरक्षा और अन्य योजनाओं के लिए 100-100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके साथ ही 29 महानगरपालिकाओं और 394 नगर परिषदों में नागरिक जनकल्याण अभियान भी चलाया जाएगा।
महायुति सरकार पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर कड़ा हमला करते हुए एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट कहा कि महानगरपालिका में महापौर महायुति का ही होगा, क्योंकि हमारे पास पूर्ण बहुमत है और हमें किसी अन्य सहयोगी की जरूरत नहीं है। उन्होंने उबाठा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंबई को 25 साल तक गड्ढों, प्रदूषण और भ्रष्टाचार में धकेलने के कारण ही उन्हें महापालिका चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। शिंदे ने आगे कहा कि शिवसेना-भाजपा महायुति मजबूत है और मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और उल्हासनगर में महापौर महायुति का ही बनेगा।
मनसे का समर्थन शहर के विकास के लिए
कल्याण-डोंबिवली में मनसे द्वारा दिए गए समर्थन पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह समर्थन केवल शहर के विकास के लिए है। उन्होंने बताया कि शिवसेना-भाजपा महायुति ने मिलकर चुनाव लड़ा और अब मिलकर सत्ता स्थापित की जाएगी। शिंदे ने विश्वास जताया कि अधिकांश महानगरपालिकाओं में महायुति का ही महापौर बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि शिवसेना-भाजपा की विचारधारा बालासाहेब ठाकरे से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी, आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक की रही है। 2019 में जनमत की अनदेखी करके सरकार बनाने वालों को अब जनता ने सख्त जवाब दिया है।
मुम्ब्रा को भगवा करने वाले बयान पर दी तीखी प्रतिक्रिया
मुंब्रा की नवनिर्वाचित नगरसेविका द्वारा मुम्ब्रा को हरा रंग देने के बयान पर विवाद उत्पन्न हुआ है। इस पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि ठाणे भगवा रंग में रंगा हुआ है और यह स्वर्गीय आनंद दिघे का गढ़ है, वहीं मुंब्रा ठाणे का हिस्सा है, जिसे हरा रंग नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देने से माहौल बिगड़ता है और इसे सही नहीं ठहराया जा सकता।
Keywords: Eknath Shinde, Balasaheb Thackeray Birth Centenary, Shiv Sena, Mahayuti Government, Mumbai Municipal Corporation

