ऑपरेशन सिंदूर ने किया पाक के पाप को फोड़ने का काम
देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है… देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बावजूद दही हांडी का कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के सीएम देवेंद्र फडणवीस घाटकोपर इलाके में आयोजित दही हांडी महोत्सव में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तान के पाप को फोड़ने का काम ऑपरेशन सिंदूर ने किया। जब पीएम ने कहा आतंकवाद को मिट्टी में मिला देंगे और उन्होंने किया।
BMC चुनाव को लेकर यह दही हांडी महोत्सव काफी मायने रखता है। बड़ी संख्या में गोविंदाओं की टोली इस महोत्सव में शामिल होती है।
खराब मौसम की वजह से देर से शुरू हुआ प्रोग्राम
खराब मौसम के कारण यह कार्यक्रम अपने तय समय से देरी से शुरू हुआ। लेकिन खराब मौसम के बावजूद बड़ी तादाद में लोग इस महोत्सव में शामिल हुए। बारिश के चलते ऐसा लग रहा था कि शायद भीड़ कम होगी, लोग कम आएंगे लेकिन उम्मीद के विपरीत बड़ी तादाद में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
महाराष्ट्र सरकार ने किया बीमा कवरेज का ऐलान
बता दें कि दही हांडी उत्सव में हिस्सा लेने वाले गोविंदाओं के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बीमा कवरेज का ऐलान किया है। 1.5 लाख गोविंदाओं को बीमा कवरेज की यह सुविधा मिलेगी। इसके तहत गोविंदा की मौत होने पर अधिकतम 10 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य गोविंदा संघ को गोविंदाओं के प्रशिक्षण, आयु और भागीदारी की पुष्टि करने और उनका विवरण पुणे में खेल एवं युवा सेवा आयुक्त को प्रस्तुत करने के लिए नियुक्त किया गया है। जीआर में दुर्घटनाओं की छह श्रेणियों और उनके अनुसार बीमा भुगतानों का उल्लेख किया गया है।
Keywords:-Dahi Handi programe, Maharashtra Gov, Mumbai Dahi Handi Programme, Devendra Fadnavis, Krishna Janmashtami Programe

