चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची दुरुस्त करने में बीएमसी जुट गई है। 2026 के बीएमसी चुनाव को ध्यान में रखते हुए, नगर निगम ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों की पड़ताल शुरू कर दी है। अब तक 11 लाख से ज्यादा संदिग्ध एंट्रियों की जांच हो चुकी है। इसमें करीब 1.68 लाख ऐसे वोटर मिले हैं, जिनके नाम एक से ज्यादा बार लिस्ट में हैं। यानी जांच में हर छह में से एक नाम डुप्लीकेट निकला। चुनाव की पारदर्शिता के हिसाब से ये बड़ी बात है। बीएमसी के अनुसार, इस पूरी कवायद का मकसद ये है कि कोई भी मतदाता सिर्फ एक वार्ड में ही रजिस्टर रहे और मतदान निष्पक्ष हो।
घर-घर जाकर वेरिफिकेशन
डुप्लीकेट नाम पकड़ने के लिए सॉफ्टवेयर भी लगाया गया है, साथ ही टीमों ने घर-घर जाकर वेरिफिकेशन भी किया। बीते कुछ दिनों में करीब 53,800 घरों का दौरा हुआ। इसी दौरान पता चला कि 89,000 वोटर एक ही वार्ड में दो-दो बार दर्ज हैं, और करीब 79,000 वोटर अलग-अलग वार्डों में लिस्टेड हैं। अब तक 24,721 लोगों ने फॉर्म ‘ए’ भरकर साफ कर दिया कि वे किस वार्ड में अपना नाम रखना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाकी मामलों की जांच 27 दिसंबर तक पूरी हो जाएगी।
इन वार्डों में सबसे ज्यादा डुप्लीकेट नाम
अगर वार्डवार देखें तो कुर्ला (L वार्ड) में सबसे ज्यादा 16,532 डुप्लीकेट नाम मिले हैं। इसके बाद अंधेरी पश्चिम (K वेस्ट) में 12,010 और कांदिवली (R साउथ) में 11,618 वोटर लिस्ट में दोहराए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अब तक डुप्लीकेट मामलों में से करीब 57 फीसदी की जांच पूरी हो चुकी है। जिन वोटरों से संपर्क नहीं हो सका, उनके नाम के आगे डबल स्टार (*) लगा दिया गया है। ऐसे लोगों को वोट डालते वक्त यह शपथपत्र देना होगा कि उन्होंने किसी और जगह वोट नहीं किया है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम वोटिंग नहीं
इस बार बीएमसी चुनावों में बुजुर्गों और दिव्यांगों को होम वोटिंग की सुविधा नहीं मिलेगी। राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक, नगरपालिका चुनाव में पोस्टल या घर से वोटिंग का विकल्प नहीं है। यानी हर वोटर को अपना वोट सेंटर पर जाकर ही डालना होगा। चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को जरूर राहत मिली है। मुंबई में करीब 63,000 बीएमसी और दूसरे डिपार्टमेंट्स के कर्मचारी, पुलिसकर्मी चुनाव कार्य में तैनात रहेंगे। इन्हें पोस्टल बैलेट के जरिए वोट डालने का अधिकार मिलेगा।
Keywords: BMC Elections 2026, Mumbai Voter List, Duplicate Voters, BMC Verification Drive, Municipal Elections

