मुंबई: महाराष्ट्र निकाय चुनावों और BMC में मिली बढ़त ने एक बार फिर भाजपा नेताओं के हौसले बुलंद कर दिए हैं। इस बार चुनाव में सबसे ज़्यादा नजरें बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) पर टिकी थीं। नतीजे भी काफी चौंकाने वाले रहे। भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना ने ठाकरे ब्रदर्स के प्रभाव को कायम नहीं रहने दिया। मौजूदा रुझानों के मुताबिक, इस बार BMC की कुर्सी पर भाजपा का मेयर बैठता दिख रहा है।
इस चुनाव में भाजपा और शिवसेना की सीधी टक्कर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे से थी। दोनों पक्षों की ओर से जोरदार बयानबाजी हुई और चुनावी माहौल में तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
बीजेपी नेता ने ठाकरे ब्रदर्स पर कसा तंज
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जीत को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे जल्द ही मुंबई आकर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे से मुलाकात करेंगे। उनके इस बयान को हालिया ‘भाषा विवाद’ और तीखी टिप्पणियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस पोस्ट के जरिए दुबे यह संदेश देना चाहते हैं कि मुंबई की राजनीति अब किसी एक परिवार या भाषाई पहचान तक सीमित नहीं रही, बल्कि मतदाताओं ने भाजपा के विकास और समावेशी राजनीति के एजेंडे को समर्थन दिया है।
मुम्बई आकर उद्धव ठाकरे जी तथा राज ठाकरे जी से मिलूँगा
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) January 16, 2026
बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी का बयान
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कहा, “चोर अब बहाने बना रहे हैं, क्योंकि जमीनी रिपोर्ट साफ तौर पर दिखा रही है कि कांग्रेस पार्टी BMC चुनाव हारने जा रही है। हर चुनाव से पहले यह परिवार कोई न कोई बहाना ढूंढ लेता है, ताकि न जनता सवाल करे और न ही उनके अपने कार्यकर्ता। जब भी चुनाव होता है, राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी को जनता करारी शिकस्त देती है।”
उन्होंने आगे कहा कि जनमत की अदालत हो या कानून की अदालत, दोनों में ही कांग्रेस पार्टी खुद को पूरी तरह झूठी और धोखेबाज़ साबित कर चुकी है। भंडारी ने दावा किया कि यह साफ संकेत है कि जनता गांधी–वाड्रा परिवार को देश और महाराष्ट्र विरोधी राजनीति के रूप में देखती है।
Keywords: BMC Election 2026, Thackeray Brothers Defeat, Nishikant Dubey, BMC Results

