बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, जिन्होंने 60 के दशक से लेकर आज तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई, उनका 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हाल ही में सांस लेने में तकलीफ़ के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ कुछ दिनों बाद उन्हें डिस्चार्ज भी कर दिया गया था। धर्मेंद्र का इलाज फिलहाल उनके घर पर चल रहा था। लेकिन सुबह से ही उनके घर के बाहर हलचल बढ़ गई और एम्बुलेंस भी देखी गई। इसके कुछ देर बाद घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई। वहीं अब उनके परिवार के सदस्य और कई अभिनेता भी उनके घर पहुँचने लगे हैं।
करण जौहर ने की पुष्टि
उनके निधन की पुष्टि करते हुए डायरेक्टर करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा—
“एक युग का अंत हो गया… एक महान मेगास्टार… मुख्यधारा के सिनेमा में एक सच्चे ‘हीरो’ का प्रतीक… अत्यंत आकर्षक व्यक्तित्व और रहस्यमयी स्क्रीन प्रेज़ेन्स… वह भारतीय सिनेमा के वास्तविक दिग्गज थे और हमेशा रहेंगे। सिनेमा के इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में उनका नाम सदैव उज्ज्वल रहेगा। लेकिन सबसे बढ़कर, वह एक अद्भुत इंसान थे… हमारे उद्योग में हर कोई उन्हें बेहद प्यार करता था… उनके दिल में सभी के लिए केवल प्रेम और positivity थी। उनके आशीर्वाद, उनका आलिंगन और उनकी गर्मजोशी—इन सबकी कमी शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। आज हमारे उद्योग में ऐसी गहरी कमी पैदा हो गई है जिसे कोई नहीं भर सकता… हमेशा सिर्फ एक ही धरमजी रहेंगे। हम आपको प्यार करते हैं महान आत्मा… हम आपको बहुत याद करेंगे। स्वर्ग आज सचमुच धन्य हो गया है। आपके साथ काम करना हमेशा मेरा सौभाग्य रहेगा। और मेरा हृदय आदर, श्रद्धा और प्रेम के साथ कहता है—‘अभी न जाओ छोड़कर… कि दिल अभी भरा नहीं…’”
छह दशकों का शानदार सफर
धर्मेंद्र का फिल्मी करियर छह दशकों से अधिक लंबा रहा है। 1960 में दिल भी तेरा हम भी तेरे से शुरुआत करने वाले धर्मेंद्र ने एक्शन, रोमांस और कॉमेडी—हर शैली में अपनी छाप छोड़ी। दर्शक उन्हें ‘ही-मैन’ के नाम से पुकारते हैं, जो उनके मजबूत व्यक्तित्व और दमदार भूमिकाओं की पहचान बन गया। आज भी उनके संवाद, उनका अंदाज़ और उनकी उपस्थिति दर्शकों के ज़ेहन में ताज़ा हैं। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता पाई बल्कि उन्हें दर्शकों के दिलों में अमर कर दिया। उनके निधन से पूरा बॉलीवुड और देशभर के चाहने वाले गहरे दुख में हैं।
Keywords: Dharmendra Death News, Bollywood Legend Dharmendra, Dharmendra Passed Away

