बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर का जून 2025 में यूके में पोलो खेलते समय हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उनकी मौत के साथ ही 30,000 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया। अब तक उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव इस प्रॉपर्टी की उत्तराधिकारी मानी जा रही थीं, लेकिन हालात अब बदल गए हैं। संजय की मां रानी कपूर और करिश्मा कपूर से हुए उनके बच्चों ने भी संपत्ति पर अपने अधिकार की मांग की है। यह विवाद सीधे कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।
“मुझे बेसहारा छोड़ दिया गया” रानी कपूर का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, 80 वर्षीय रानी कपूर ने अदालत में बेहद भावुक अपील की। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे ने उन्हें पूरी तरह बेसहारा छोड़ दिया है। उनका कहना है कि प्रिया सचदेव ने शादी के कुछ महीनों के भीतर ही सारी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। रानी कपूर ने आगे कहा, “मैंने वसीयत के बारे में जानकारी के लिए 15 से ज्यादा ईमेल भेजे, लेकिन मुझे कोई जवाब नहीं मिला। यहां तक कि मेरे ईमेल अकाउंट से छेड़छाड़ तक की गई। यह सरासर अन्याय है। 30,000 करोड़ की प्रॉपर्टी पर मेरा हक बनता है।”
रानी कपूर ने यह भी आरोप लगाया कि सोना कॉमस्टार की कीमती संपत्तियां और शेयर उनकी जानकारी के बिना ही बेचे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि 500 करोड़ रुपए के शेयर सिंगापुर की एक कंपनी को ट्रांसफर कर दिए गए, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिखाया गया।
करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी की हिस्सेदारी की मांग
करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी टूट चुकी थी, लेकिन उनके बच्चे आज इस विवाद में अहम किरदार बनकर सामने आए हैं। दोनों बच्चों की ओर से भी संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग रखी गई है। उनका तर्क है कि कानूनन पिता की विरासत में उनका हिस्सा बनता है, और इसे नकारा नहीं जा सकता। इस तरह यह मामला अब केवल पत्नी और सास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि तीन पीढ़ियों के बीच खींचतान का रूप ले चुका है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वसीयत स्पष्ट नहीं है तो लंबी कानूनी जंग से इनकार नहीं किया जा सकता।
कितनी है संजय कपूर की नेटवर्थ ?
संजय कपूर न सिर्फ बॉलीवुड से जुड़े रिश्तों की वजह से सुर्खियों में रहे बल्कि उद्योग जगत में भी एक बड़ी पहचान रखते थे। वे ऑटो कंपोनेंट कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे, जिसकी बाजार में लगभग 31,000 करोड़ रुपए की वैल्यू है। रिपोर्ट बताती है कि संजय कपूर की व्यक्तिगत नेटवर्थ करीब 10,300 करोड़ रुपए थी। उनकी अचानक मौत ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाला, बल्कि अब इस विशाल साम्राज्य की उत्तराधिकारिता को लेकर भी बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत किसे वैध उत्तराधिकारी मानती है और क्या यह मामला समझौते से सुलझेगा या लंबी कानूनी लड़ाई का रूप लेगा।
Keywords: Karisma Kapoor, Inheritance Case, Sanjay Kapur, Priya Sachdev Kapur, Samaira Kapur, Kiaan Raj Kapur, Delhi High Court, ₹30,000 Crore Estate

