Maharashtra Legislative Council Election 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 स्थानीय प्राधिकरण सीटों के लिए चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य की सभी सीटों पर 18 जून 2026 को एक चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 22 जून को होगी। आयोग ने बताया कि इन सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग समय पर समाप्त हुआ था, जिसके बाद ये पद रिक्त पड़े थे। कुछ सीटें वर्ष 2022 में ही खाली हो गई थीं, जबकि औरंगाबाद-जालना सीट का कार्यकाल अगस्त 2025 में खत्म हुआ। अब इन सभी सीटों पर नए प्रतिनिधियों के चयन के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
MLC चुनाव की तारीखें तय
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोग ने पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। 25 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और उम्मीदवार 1 जून तक फॉर्म भर सकेंगे। स्क्रूटनी 2 जून को होगी, जबकि 4 जून तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। 18 जून को वोटिंग कराई जाएगी और 22 जून को नतीजे घोषित होंगे। चुनावी प्रक्रिया 25 जून तक समाप्त कर दी जाएगी।
नागपुर सीट पर भी उपचुनाव का ऐलान
चुनाव आयोग ने नागपुर स्थानीय निकाय MLC सीट के लिए उपचुनाव की तारीख भी घोषित कर दी है। इस सीट पर 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा और 22 जून को परिणाम जारी होंगे। भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले के विधानसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट नवंबर 2024 में खाली हुई थी। उनका विधान परिषद कार्यकाल वर्ष 2028 तक बाकी था।
नियम पूरे होने के बाद लिया गया फैसला
चुनाव आयोग के अनुसार, स्थानीय निकाय कोटे की किसी सीट पर उपचुनाव तभी कराया जाता है, जब कम से कम 75 फीसदी स्थानीय निकाय सक्रिय हों और उतने ही मतदाता पद पर मौजूद हों। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आयोग को बताया कि अब ये सभी जरूरी शर्तें पूरी हो चुकी हैं, जिसके बाद उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया।
Keywords: Maharashtra MLC Election Schedule, Nagpur MLC By Election 2026, Election Commission Maharashtra

