महाराष्ट्र में मंगलवार को शाम 4 बजे राज्य चुनाव आयोग मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें बीएमसी और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा की जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे इस दौरान चुनाव कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल पेश करेंगे। यह घोषणा ऐसे समय हो रही है जब पूरे राज्य में बीएमसी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। मुंबई महानगरपालिका का चुनाव खास महत्व रखता है क्योंकि यह देश की सबसे बड़ी नगरपालिका है और इसका कार्यकाल 2022 में समाप्त हो चुका है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां
विपक्षी पार्टियों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए 1 जुलाई की वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। शिवसेना (UBT) का दावा है कि लिस्ट में कई दोहरे और फर्जी नाम हैं और पार्टी ने सबूत के साथ कोर्ट जाने की बात कही है। हालांकि चुनाव अधिकारियों का कहना है कि चुनाव तारीखों की घोषणा के बाद न्यायिक दखल मुश्किल हो जाता है। विपक्ष का यह रुख चुनाव की पारदर्शिता पर बहस को और तेज कर रहा है।
दिलीप वल्से पाटिल के बयान ने मचाया तहलका
इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता दिलीप वल्से पाटिल के बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के चुनाव 15 दिसंबर और नगर निगम के चुनाव 15 जनवरी को हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 31 जनवरी 2026 तक सभी लंबित स्थानीय निकाय चुनाव पूरे करने की समयसीमा तय की है। इसका मतलब है कि अगले कुछ महीनों में राज्य में बड़े पैमाने पर चुनावी गतिविधियां होंगी। बीएमसी चुनाव केवल मुंबई ही नहीं बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति को प्रभावित कर सकती हैं।
Keywords: BMC Elections 2025, Maharashtra State Election Commission, Local Body Elections, Maharashtra Politics

