19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ के दौरान प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की मौत की खबर ने पूरे देश को हिला दिया था। असम ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत के लिए सांस्कृतिक प्रतीक माने जाने वाले जुबीन समुद्र में तैरते समय लापता हो गए थे, और कुछ घंटों बाद उनका शव बरामद हुआ। शुरुआत में इसे एक हादसा बताया गया, लेकिन बाद में जांच में कई सवाल उठने लगे, क्या यह सिर्फ एक हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है?
दो PSO की गिरफ्तारी से बढ़ा शक
शुक्रवार को असम पुलिस ने इस मामले में जुबीन गर्ग के दो निजी सुरक्षा अधिकारियों, नंदेश्वर बोरा और परेश बैश्य को गिरफ्तार किया। ये दोनों सरकारी सुरक्षा कर्मी लंबे समय से जुबीन की सुरक्षा में तैनात थे और उनके साथ सिंगापुर भी गए थे। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई वित्तीय अव्यवस्थित और संदिग्ध बैंक लेनदेन का पता चला है। दोनों के खातों में लाखों रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ था, जिसने जांचकर्ताओं को शक में डाल दिया। इससे पहले दोनों अधिकारियों को मंगलवार को ससपेंड कर दिया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनके बयानों में कई विपरीत पाए गए, जिसके बाद गिरफ्तारी जरूरी समझी गई।
अब तक सात गिरफ्तार, कई से पूछताछ जारी
जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ के आयोजक श्यामकानु महंत, सिंगर के चचेरे भाई संदीपन गर्ग, उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, संगीतकार शेखरज्योति गोस्वामी और गायक अमृतप्रभा महंत शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन सभी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जो अब पैसो की लेनदेन और निजी संबंधों के एंगेल से जांची जा रही हैं। पुलिस टीम ने यह भी बताया कि सिंगापुर पुलिस के साथ समन्वय में जांच जारी है और डिजिटल डाटा, कॉल रिकॉर्ड्स तथा बैंक डिटेल्स को खंगाला जा रहा है ताकि मौत के पीछे के असली कारण तक पहुंचा जा सके।
फैंस में शोक और सवाल
असम और पूर्वोत्तर भारत में जुबीन गर्ग के प्रशंसक अब भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और जांच की पारदर्शिता पर नजर रखे हुए हैं। जुबीन सिर्फ एक गायक नहीं, बल्कि असम की सांस्कृतिक आत्मा माने जाते थे। उनकी आवाज़ और गाने लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। अब जब जांच वित्तीय साजिश की दिशा में बढ़ रही है, तो उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। पुलिस का कहना है कि वे किसी भी एंगल को नज़रअंदाज़ नहीं कर रहे हैं और अगर जरूरत पड़ी तो और भी लोगों से पूछताछ की जाएगी।
Keywords: Zubeen Garg Death Case, Assam Police Investigation, Zubeen Garg News, Zubeen Garg Fans Reaction

