आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप (ICC Men’s T20 World Cup) को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बार-बार झटका लगने के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) आईसीसी की बात मानने को तैयार नहीं है। बीसीबी ने एक बार फिर नया बयान जारी करते हुए कहा है कि उसे ऐसी कोई डेडलाइन नहीं दी गई है, जिसमें 21 जनवरी तक भारत जाकर 2026 टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर फैसला लेने को कहा गया हो।
दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एक टीम सोमवार को बांग्लादेश के दौरे पर गई थी। इसके बाद खबर सामने आई थी कि आईसीसी ने बोर्ड को अल्टीमेटम दिया है। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया था कि अगर बांग्लादेश फाइनल शेड्यूल को नहीं मानता है, तो उसकी जगह रैंकिंग में अगली सर्वश्रेष्ठ टीम स्कॉटलैंड को मौका दिया जा सकता है।
पिछले तीन हफ्तों से आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच इस मुद्दे को लेकर लगातार बातचीत जारी है, लेकिन फिलहाल इसका कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है।
समझिए पूरा मामला
- बीसीबी ने भारत में ‘सुरक्षा कारणों’ का हवाला देते हुए बांग्लादेश टीम को भेजने पर आपत्ति जताई है।
- विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 की टीम से रिलीज करने की अनुमति दी।
- आईसीसी ने साफ तौर पर कहा है कि मुस्ताफिजुर रहमान या बांग्लादेश टीम को किसी भी तरह का कोई विशेष सुरक्षा खतरा नहीं है।
- आईसीसी ने दोहराया है कि वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है और अब इसमें बहुत कम समय बचा है।
- इसी वजह से शेड्यूल या वेन्यू में किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं बताया गया है।
- बीसीबी के निदेशक अमजद हुसैन ने कहा है कि बोर्ड ने आईसीसी की मीटिंग में अपना पक्ष और रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश टीम को ग्रुप स्टेज में कुल चार मुकाबले खेलने हैं, जिनमें से तीन मैच कोलकाता में और एक मैच मुंबई में आयोजित होना है। इसी को लेकर बीसीबी ने आईसीसी के सामने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का सुझाव रखा था, क्योंकि आयरलैंड के सभी मुकाबले श्रीलंका में तय हैं। हालांकि, आईसीसी ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और किसी भी तरह के बदलाव से इनकार कर दिया।
Keywords: T20 World Cup 2026, Bangladesh Cricket Board, ICC, BCB, Bangladesh, T20 World Cup

