नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस का दिन करीब आ रहा है, और इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। भारत का पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने के लिए अपने पाले हुए आतंकवादियों को भारत में दहशत फैलाने भेजता रहता है। यही कारण है कि देश के प्रमुख राज्यों के साथ-साथ राजधानी दिल्ली में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, कुछ संदिग्ध आतंकियों के फोटो अलग-अलग इलाकों में चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को उन्हें पहचानने और पकड़ने में मदद मिल सके।
इन आतंकी संगठनों पर है शक
गणतंत्र दिवस से पहले जारी किए गए आतंकियों के पोस्टर जैश-ए-मोहम्मद, अलकायदा, बब्बर खालसा, खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स और खालिस्तान टाइगर फोर्स जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। इनमें खालिस्तान टाइगर फोर्स का कुख्यात आतंकी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला भी शामिल है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में है।
इन जगहों पर लगाए गए पोस्टर
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दिल्ली पुलिस और रेलवे पुलिस फोर्स ने संयुक्त अभियान के तहत आतंकियों के पोस्टर लगाए।
- इसी अभियान के तहत पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन, आनंद विहार और सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशनों पर भी पोस्टर लगाए गए।
- बस अड्डों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है, जिनमें आईएसबीटी कश्मीरी गेट और आनंद विहार बस अड्डा शामिल हैं।
- इन सभी प्रमुख स्थलों पर पोस्टर चस्पा किए गए हैं क्योंकि यहां रोजाना लाखों यात्री आते-जाते हैं।
- पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन आतंकियों को पहचानता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने जनता से की अपील
पोस्टर के माध्यम से पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखने पर उसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। इसके साथ ही, लावारिस सामान या बैग मिलने पर उसे हाथ न लगाएँ। गौरतलब है कि पिछले साल दिल्ली मेट्रो के पास हुए धमाकों के बाद खुफिया विभाग कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है।
Keywords: Republic Day 2026, Terrorist Posters, Delhi Police Alert

