नई दिल्लीः देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। इसकी मुख्य वजह सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ हैं, जिनके असर से इस हफ्ते उत्तर-पश्चिमी भारत में बारिश की संभावना बढ़ गई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम का मिजाज समझें
मौसम विभाग के अनुसार 01 अप्रैल (बुधवार) को पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। साथ ही 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना भी बनी हुई है।
महाराष्ट्र और गुजरात में असर
मौसम विभाग के मुताबिक 2 और 3 अप्रैल को गुजरात और महाराष्ट्र में भी मौसम बदल सकता है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। महाराष्ट्र में गरज के साथ बिजली चमकने की चेतावनी भी दी गई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
3 और 4 अप्रैल को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 3 अप्रैल को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को अलग-अलग इलाकों में ओले गिर सकते हैं।
Keywords: April Weather Update, India Weather News, Rain Alert In 17 States IMD Forecast

