संसद के मॉनसून सत्र में सत्तापक्ष और विपक्ष की रार सदन के भीतर ही नहीं, बाहर भी दिखाई दे रही है। इसकी ताजा तस्वीर तब सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्यों के लिए टी मीटिंग आयोजित की। पीएम मोदी की इस टी मीटिंग का विपक्षी दलों ने बायकॉट कर दिया।
दरअसल इस मीटिंग में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद रहे लेकिन मीटिंग में शामिल होने विपक्ष का कोई नेता नहीं पहुंचा। पीएम मोदी ने टी मीटिंग में संसद के मॉनसून सत्र को अच्छा बताते हुए कहा कि इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए।
ऑनलाइन गेम्स विधेयक दूरगामी-PM
पीएम ने सत्तापक्ष की तारीफ करते हुए कहा कि ऑनलाइन गेम्स विधेयक पारित होना दूरगामी असर डालेगा। खासतौर पर, इसका प्रभाव जनता पर पड़ेगा। पीएम मोदी ने टी पार्टी में मौजूद सांसदों से कहा कि यही वह मुद्दा है, जिस पर ज्यादा चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष बड़े-बड़े विधेयकों पर चर्चा में शामिल हो सकता था, लेकिन वे केवल व्यवधान डालने में लगे रहे।
टी मीटिंग’ में विपक्ष का बायकॉट, पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज
पीएम मोदी ने विपक्ष के इस मीटिंग में शामिल ना होने पर तंज कसा और कहा- विपक्ष खासकर कांग्रेस में बहुत से युवा नेता ऐसे हैं, जो बेहद प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की असुरक्षा के कारण इन युवा नेताओं को बोलने का मौका नहीं मिलता। पीएम मोदी ने आगे यह भी जोड़ा कि संभव है, यही युवा नेता राहुल गांधी को असुरक्षा और घबराहट में डाल रहे हों।
लोकसभा में 14 बिल पेश
गौरतलब है कि 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलने वाले मॉनसून सत्र के दौरान लोकसभा में चर्चा के लिए 120 घंटे का समय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में तय किया गया था, लेकिन सदन में केवल 37 घंटे ही चर्चा हो सकी। चर्चा के लिए तय 83 घंटे गतिरोध की भेंट चढ़ गए। इस सत्र में लोकसभा में कुल 14 बिल पेश हुए। इनमें जनविश्वास बिल सलेक्ट कमेटी को भेज दिया गया। वहीं, पीएम-सीएम रिमूवल बिल संयुक्त संसदीय समिति(JPC) को भेज दिया गया। बाकी 12 विधेयक लोकसभा से पारित हो गए। ज्यादातर विधेयकों पर गतिरोध के कारण चर्चा नहीं हो सकी और इन्हें बिना चर्चा के ही पारित कर दिया गया।
Keywords:- PM MODI TEA MEETING, Tea Meeting Attended By PM Modi, PM Modi Attends NDA leaders’ Meeting, Delhi Pm Meeting, Opposition Boycotted, PM MODI on Rahul Gandhi

