तेल-अवीव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इज़रायल दौरे के दौरान उनके तेल-अवीव पहुंचने से पहले ही अमेरिका ने इज़रायल में अपना एफ-22 फाइटर जेट तैनात कर दिया। बताया जा रहा है कि इस तरह की तैनाती पहली बार की गई है। अमेरिका के इस कदम के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि ईरान पर संभावित हमले की आशंका बढ़ सकती है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी अपना दौरा समाप्त कर भारत लौटेंगे, उसी दौरान अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच अमेरिका का युद्धपोत यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड भी इज़रायल के तट के नजदीक पहुंच चुका है। इसे दुनिया के सबसे बड़े और शक्तिशाली परमाणु ऊर्जा से संचालित एयरक्राफ्ट कैरियरों में गिना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इज़रायल दौरे पर हैं और उनके दोपहर तक वहां पहुंचने की संभावना है। यात्रा के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे। इस दौरान भारत और इज़रायल के बीच महत्वपूर्ण रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को भारत लौटेंगे।
गौरतलब है कि इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी, 2026 को इज़रायल का राजकीय दौरा कर रहे हैं। यह उनका इज़रायल का दूसरा आधिकारिक दौरा होगा।
पीएम मोदी ने क्या कहा…
इज़रायल रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बयान में कहा कि इस यात्रा के दौरान वह इज़रायल के राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें इज़रायली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का सम्मान प्राप्त होगा। उनके अनुसार, यह अवसर दोनों देशों के बीच मजबूत संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ करने का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह इज़रायल में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने को लेकर उत्साहित हैं, जिन्होंने वर्षों से भारत-इज़रायल की मित्रता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका यह राजकीय दौरा दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएगा, रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगा और एक मजबूत, नवोन्मेषी तथा समृद्ध भविष्य की साझा दृष्टि को आगे बढ़ाएगा।
Keywords: PM Modi Israel Visit, F-22 Fighter Jet, US Military Deployment, Israel News, America Israel Relations, Iran Attack Speculation, USS Gerald R Ford, India Israel Defense Deal

