देश की राजधानी दिल्ली में हुए धमाके ने एक बार फिर इस बात की ओर इशारा कर दिया है कि आतंकियों का फन अभी पूरी तरह कुचला नहीं गया है। लाल किला के पास हुए इस धमाके में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 30 लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
आतंकी हमले पर पीएम की दो टूक
इस आतंकी हमले की पूरी दुनिया निंदा कर रही है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि इस घटना के पीछे जो भी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस हमले के बाद भले ही भारत ने पाकिस्तान का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया हो, लेकिन वहां के हुक्मरानों के हाथ-पैर फूलने लगे हैं।
आलम यह है कि पाकिस्तानी मीडिया दिल्ली ब्लास्ट के बाद अपने देश की सफाई पेश करने में जुट गई है। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्टिंग में कहा जा रहा है कि इस विस्फोट में पाकिस्तान का कोई हाथ नहीं है।
पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काज़मी का बयान
पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काज़मी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक शो के दौरान कहा कि भारत में हुए ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान सरकार को आधिकारिक तौर पर निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार में हुए धमाके के बाद कई देशों ने इस हमले की कड़ी निंदा की, लेकिन जब पाकिस्तान में ब्लास्ट हुए थे, तब किसी देश ने कुछ नहीं कहा।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ सकता है। पाकिस्तान सरकार की तरफ से दिल्ली ब्लास्ट पर अब तक कोई अफसोस नहीं जताया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को फौरन X (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से अफसोस जताना चाहिए था, ताकि यह संदेश जाए कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ नहीं है।
अन्य पत्रकारों ने क्या कहा?
पाकिस्तान की जानी-मानी पत्रकार आलिया ने कहा कि जब पाकिस्तान में कोई वारदात होती है, तो वहां का मीडिया भारत पर आरोप लगाता है। ऐसे में भारत भी पाकिस्तान पर आरोप क्यों न लगाए दोनों तरफ से यही होता आया है।
आलिया ने यह भी कहा कि फिलहाल पाकिस्तान सरकार या प्रवक्ता कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे, जब तक भारत की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जाता। वहीं, पाकिस्तानी जर्नलिस्ट साबिर शाकिर ने साफ कहा है कि दिल्ली धमाकों का इल्ज़ाम पाकिस्तान पर ही आएगा।
पाकिस्तान में पैनिक क्यों?
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में पैनिक की सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ही स्पष्ट कर दिया था कि अब कोई भी आतंकी हमला भारत पर सीधा हमला माना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि दिल्ली ब्लास्ट की साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बयान ने पाकिस्तान में डर का माहौल और बढ़ा दिया है।
बॉर्डर पर बढ़ी गतिविधियां
पाकिस्तान की बेचैनी की एक और वजह है कि इस वक्त भारत-पाक सीमा पर सैन्य गतिविधियां तेज़ हैं। जैसलमेर से लेकर सरक्रीक तक ‘एक्सरसाइज त्रिशूल’ चल रही है, जिसके तहत भारत की सेना टैंकों, अपाचे हेलीकॉप्टरों और ड्रोन की मदद से दुश्मन के ठिकानों पर युद्धाभ्यास कर रही है। ‘मरु ज्वाला’ और ‘अखंड प्रहार’ जैसे ऑपरेशनों के तहत हाईवे लैंडिंग और ड्रोन अटैक की तैयारी भी जारी है। यही कारण है कि पाकिस्तान को लग रहा है कि भारत की सेना किसी भी वक्त सीमा पार एक्शन ले सकती है।
Keywords: Delhi Blast 2025, Pakistan Reaction To Delhi Blast, PM Modi Statement Delhi Blast, Pakistani Journalists On Delhi Blast

