अफगानिस्तान के सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के बाद तालिबान और पाकिस्तान के बीच तनाव खुलकर सामने आ गया है। पाकिस्तान ने कथित तौर पर अफगानिस्तान के कई आर्मी बंकरों को निशाना बनाया। इसके जवाब में अफगान पक्ष की ओर से दावा किया गया कि उन्होंने पाकिस्तान का एक एफ-16 फाइटर जेट मार गिराया है। साथ ही यह भी कहा गया कि जवाबी कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 15 से अधिक जवानों को बंदी बना लिया गया है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान अफगानिस्तान में कार्रवाई के लिए अमेरिका निर्मित F-16 और चीन के सहयोग से बने JF-17 फाइटर जेट का इस्तेमाल करता है। लेकिन मौजूदा घटनाक्रम में किसी भी लड़ाकू विमान के गिराए जाने की आधिकारिक पुष्टि दोनों देशों ने नहीं की है।
ईरान ने दी सुलह की सलाह
अब्बास अराघची ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना आत्म-संयम, धैर्य और इस्लामी एकता को मजबूत करने का समय है। ऐसे में दोनों पड़ोसी देशों को चाहिए कि वे अपने मतभेदों को टकराव के बजाय संवाद और अच्छे पड़ोसी संबंधों के ढांचे में सुलझाने का प्रयास करें। उन्होंने जोर दिया कि कूटनीतिक बातचीत ही स्थायी समाधान का रास्ता है।
इस बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपनी साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान में आतंकी हमलों में वृद्धि हुई है, खासकर पिछले 12 से 18 महीनों के दौरान हमलों में ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Keywords: Pakistan Afghanistan War, Taliban Vs Pakistan, Pakistan Airstrike Afghanistan, Afghanistan Retaliation, Pak Afghan Border Tension, Taliban Statement

