बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा के साथ ही राज्य में राजनीतिक गहमागहमी चरम पर है। महागठबंधन ने जहां तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और VIP प्रमुख मुकेश साहनी को डिप्टी सीएम फेस घोषित कर दिया है, वहीं अब उपमुख्यमंत्री पदों को लेकर एक नया फॉर्मूला सामने आया है।
महागठबंधन में मुस्लिम और कांग्रेस के प्रतिनिधित्व को लेकर NDA दलों द्वारा उठाए गए सवालों पर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने बड़ा बयान दिया है।
मुस्लिम और कांग्रेस दोनों से होंगे उपमुख्यमंत्री!
कृष्णा अल्लावारु ने साफ किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो कांग्रेस का भी एक उपमुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि कौन और कहां से होगा, इसका फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा।
अल्लावारु ने उपमुख्यमंत्री के पदों की संख्या पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो 2 नहीं, 4 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं, जिनमें से एक मुस्लिम समुदाय से होगा।
हर समुदाय और वर्ग को मिलेगा प्रतिनिधित्व
उन्होंने महागठबंधन के सिद्धांत को स्पष्ट करते हुए कहा महागठबंधन का सिद्धांत है कि हर समुदाय और वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जाए। इसमें धर्म और जाति दोनों शामिल हैं। महागठबंधन की कोशिश है कि सभी प्रमुख वर्गों और समुदायों को बराबर हिस्सा मिले, यही वजह है कि मुस्लिम नेता को भी उपमुख्यमंत्री बनाने की योजना है।
सीएम फेस की देरी और सीट बंटवारे पर सफाई
तेजस्वी यादव के नाम को औपचारिक रूप से सीएम फेस घोषित करने में हुई देरी पर भी कृष्णा अल्लावारु ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह एक योजनाबद्ध प्रक्रिया थी। उन्होंने बताया कि अप्रैल में हुई पहली बैठक में ही तय कर लिया गया था कि जब तक सीट बंटवारा और साझा घोषणा पत्र तैयार नहीं हो जाता, तब तक सीएम फेस की घोषणा नहीं की जाएगी।
सीट बंटवारे पर मतभेद सामान्य- कृष्णा
RJD और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान की खबरों पर अल्लावारु ने कहा कि सीट शेयरिंग में थोड़े बहुत मतभेद होना सामान्य बात है। गठबंधन की राजनीति में ऐसा होता रहता है। उन्होंने मीडिया को अतिरंजित खबरें न फैलाने की सलाह देते हुए कहा कि महागठबंधन मजबूत और एकजुट है।
Keywords: Mahagathbandhan Deputy CM Formula, Krishna Allavaru Statement, Muslim Deputy CM Bihar

