जालंधर: पंजाब में एक और आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या कर दी गई है। इससे पहले आप नेता रचना यादव की हत्या हुई थी। वहीं अब जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबोराय को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। हमलावरों ने लक्की ओबोराय पर एक के बाद एक कुल पांच गोलियां मारीं। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी कार गोलियों से छलनी हो गई थी।
हमलावरों ने लक्की पर उस वक्त हमला किया, जब वह सुबह 8:15 बजे रोजाना की तरह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए गए थे। इस दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गुरुद्वारे के बाहर लक्की पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। एक के बाद एक कुल पांच गोलियां उनके शरीर में लगीं और लक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियां उनके सिर और छाती में लगी थीं, जिसके बाद उन्हें पास के ही एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है और अपनी जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर निगम चुनाव में अपनी किस्मत आज़माई थी, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं लक्की ओबोराय कैंट हल्के की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे।
Keywords: AAP Leader Lucky Oberoy Murder, Jalandhar Firing News, Punjab Political Murder

