अहमदाबाद: कांग्रेस के सांसद शक्ति सिंह गोहिल के परिवार में अचानक हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे परिवार में अफरा-तफरी और सदमे का माहौल है। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो पूरे घर में मातम पसरा हुआ था।
दरअसल, पारिवारिक तनाव और रिश्तों में आई दरार के चलते सांसद शक्ति सिंह गोहिल के भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने अहमदाबाद के एनआरआई टावर में पहले अपनी पत्नी राजेश्वरी गोहिल को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशराज सिंह गोहिल और राजेश्वरी गोहिल की शादी को अभी महज दो महीने ही हुए थे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। इसी बीच 21 जनवरी की रात विवाद बढ़ गया, जिसके बाद यशराज सिंह ने अपने रिवॉल्वर से पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद उसने एंबुलेंस को फोन कर बुलाया।
जैसे ही एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची, यशराज सिंह ने उसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे कमरे को सील कर दिया। वहीं, सांसद शक्ति सिंह गोहिल सहित परिवार के सभी सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए और गहरे सदमे में हैं।
गौरतलब है कि हाई-प्रोफाइल मर्डर-सुसाइड की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी समेत पूरी टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
Keywords: Shaktisinh Gohil, Congress MP Shaktisinh Gohil, Gujarat News, Ahmedabad Shooting, NRI Tower, Ahmedabad

