प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों में नई नौकरी पाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि ये सभी युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और आने वाले समय में विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में योगदान देंगे। उन्होंने चयनित युवाओं और उनके परिवारों को इस सफलता पर बधाई भी दी।
युवाओं के लिए बढ़ते अवसर
नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह जब भी विदेश यात्रा पर जाते हैं, भारत की युवा शक्ति की चर्चा जरूर करते हैं। उन्होंने बताया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत देश कई क्षेत्रों में तेजी से निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बन रहे हैं। पीएम ने सेमीकंडक्टर, शिप बिल्डिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर देश में निवेश बढ़ा रहे हैं, जिससे युवाओं को देश में ही रोजगार मिल रहा है और उनके सपने साकार हो रहे हैं।
विकास और सुशासन पर जोर
नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे देश में “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को मजबूत बनाने में योगदान दें। उन्होंने बताया कि भारत की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर अहम भूमिका निभाता है और जब दूरदराज के इलाके मुख्यधारा से जुड़ते हैं तभी विकास का लाभ सभी तक पहुंचता है। पीएम ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कनेक्टिविटी, आवास, स्वच्छता और बिजली जैसी सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है, जिससे गांवों और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
India’s youth are playing a vital role in accelerating the journey towards a Viksit Bharat. Rozgar Mela reflects our Government’s commitment to empowering the Yuva Shakti with new opportunities.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 23, 2026
https://t.co/u3CQqgrluM
युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए नए मौके
नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत के युवाओं के सामने पहले से कहीं ज्यादा अवसर मौजूद हैं और देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा युवा नए अवसरों का लाभ उठाएं, इसलिए स्किल डेवलपमेंट और भविष्य की तकनीकों पर लगातार काम किया जा रहा है। पीएम ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है और यह बदलाव सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे शहरों और गांवों तक भी पहुंच रहा है, जहां महिलाओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ रही है।
सेवा और जिम्मेदारी पर जोर
नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि सरकारी नौकरी का असली उद्देश्य लोगों की जिंदगी को आसान बनाना है। उन्होंने नए कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने काम में ईमानदारी, संवेदनशीलता और अच्छे व्यवहार को प्राथमिकता दें, ताकि जनता का भरोसा और मजबूत हो। पीएम ने कहा कि हर युवा को अपने कर्तव्यों को जिम्मेदारी से निभाना चाहिए और सरकारी तंत्र का उद्देश्य जनता की सेवा करना है। उन्होंने “नागरिक देवो भवः” को सरकार का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि नागरिकों का कल्याण ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
Keywords: Narendra Modi Rozgar Mela, 51, 000 Appointment Letters India, India Youth Employment Opportunities

