बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र, जिन्होंने अपने अभिनय से 60 के दशक से लेकर आज तक दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 89 वर्षीय अभिनेता को हाल ही में सांस लेने में तकलीफ़ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद उनकी मौत की अफवाह उड़ने लगी लेकिन उनकी बेटी ईशा देओल ने अपने पिता की तबियत को लेकर बड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की।
ईशा देओल ने दी हेल्थ अपडेट
धर्मेन्द्र की बेटी ईशा देओल ने अपने पिता की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर अपडेट साझा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “ऐसा लग रहा है कि मीडिया में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। मेरे पापा की तबीयत स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। हम सभी से अनुरोध है कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने वालों का दिल से धन्यवाद।” ईशा के इस बयान के बाद फैन्स ने राहत की सांस ली। इससे पहले सोशल मीडिया पर अभिनेता की तबीयत को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं, जिन्हें अब परिवार ने सिरे से खारिज कर दिया है।
धर्मेंद्र से अस्पताल में मिलने पहुंचे परिवार और दोस्त
सोमवार को दिनभर धर्मेन्द्र से मिलने उनके परिवार के सदस्य ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। पत्नी हेमा मालिनी और बेटे सनी देओल दिन में अस्पताल पहुंचे, जबकि देर रात तक परिवार के अन्य सदस्य और नज़दीकी रिश्तेदार वहां मौजूद रहे। रात को शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान की कारें भी अस्पताल के बाहर देखी गईं। सलमान खान भी शाम को अभिनेता का हालचाल लेने पहुंचे, वहीं गोविंदा को देर रात अस्पताल के बाहर मीडिया कैमरों ने कैद किया। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने सोशल मीडिया पर धर्मेन्द्र के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
हेमा मालिनी ने किया ट्वीट –
What is happening is unforgivable! How can responsible channels spread false news about a person who is responding to treatment and is recovering? This is being extremely disrespectful and irresponsible. Please give due respect to the family and its need for privacy.
— Hema Malini (@dreamgirlhema) November 11, 2025
छह दशकों का शानदार सफर
धर्मेन्द्र का फिल्मी करियर छह दशकों से अधिक लंबा रहा है। 1960 में दिल भी तेरा हम भी तेरे से शुरुआत करने वाले इस अभिनेता ने एक्शन, रोमांस और कॉमेडी – हर शैली में अपनी छाप छोड़ी। दर्शक उन्हें ‘ही-मैन’ के नाम से पुकारते हैं, जो उनके मजबूत व्यक्तित्व और दमदार भूमिकाओं की पहचान बन गया। आज भी उनके संवाद और अंदाज दर्शकों के ज़ेहन में ताज़ा हैं। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता पाई बल्कि उन्हें दर्शकों के दिलों में अमर कर दिया। अब जबकि वह अस्पताल में हैं, पूरा बॉलीवुड और उनके चाहने वाले एक साथ उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
Keywords : Dharmendra health update, Esha Deol statement, Hema Malini, Sunny Deol, Dharmendra latest news

