नई दिल्ली: 19 जनवरी यानी आज सोमवार से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो रही है। आज दोपहर 2 से 4 बजे के बीच पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय तय किया गया है।
चुनाव की तारीखों का ऐलान
जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव 20 जनवरी को होगा। इसी दिन नए अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान भी किया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, बीजेपी के सभी प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
5708 मतदाता करेंगे मतदान
नए अध्यक्ष के चयन के लिए कुल 5708 मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हैं।
5708 वोटरों की इलेक्टोरल लिस्ट तैयार
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए बाकायदा इलेक्टोरल रोल तैयार किया गया है, जिसमें 30 राज्यों से फीडबैक लेकर कुल 5708 मतदाताओं को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय और राज्य परिषद के नेताओं की सूची
इस सूची में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद से जुड़े नेताओं के नाम शामिल हैं। नेशनल काउंसिल की पार्लियामेंट्री पार्टी में कुल 35 सदस्यों को जगह दी गई है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
जानें कौन हैं नितिन नबीन?
गौरतलब है कि नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण और नगर विकास मंत्री हैं। उनकी गिनती जमीनी स्तर के नेताओं में होती है। यही वजह है कि वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2006 के उपचुनाव के बाद लगातार पांच बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।
नितिन नबीन कायस्थ समाज से आते हैं और नीतीश कुमार सरकार में इस समाज से वे इकलौते मंत्री हैं। उन्हें राजनीति की विरासत मिली है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। उनके निधन के बाद नितिन नबीन ने उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। महज 45 वर्ष की उम्र में नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं।
Keywords: BJP National President Election, Nitin Nabin, BJP

