बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण का प्रचार आज शाम 6 बजे समाप्त होने जा रहा है। इस बार 122 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव आयोग के अनुसार कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक तृतीय लिंग उमीदवार शामिल हैं। करीब 3 करोड़ 70 लाख मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं हैं। पहले चरण में 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी, जिसमें 64.6% लोगों ने मतदान किया। बेगूसराय जिले में सबसे ज्यादा 67.32% वोट पड़े, जबकि शेखपुरा में सबसे कम 52.36% मतदान हुआ।
दांव पर नीतीश सरकार की साख
दूसरे चरण में मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा माना जा रहा है। भाजपा और जेडीयू मिलकर फिर से सरकार बनाने की कोशिश में जुटी हैं, जबकि राजद और कांग्रेस जनता से बदलाव की अपील कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि पहले चरण में हुई भारी वोटिंग नीतीश कुमार की सरकार पर लोगों के भरोसे को दिखाती है। दूसरी ओर, कांग्रेस का दावा है कि उनके आंतरिक सर्वे के मुताबिक पहले चरण में बीजेपी-जेडीयू के कई मंत्री मुश्किल में हैं और लगभग 15 में से 12 मंत्री हार के करीब पहुंच चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने संभाला मोर्चा
दूसरे चरण से पहले बीजेपी ने पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई रैलियों में कहा कि जनता का जोश नीतीश और उनके काम पर भरोसे की निशानी है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुक्रवार को तीन जनसभाएं कीं और एक बड़ा रोड शो निकालकर एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने अपनी रैलियों में बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा और बदलाव की अपील की।
11 नवंबर को मतदान, 14 को आएगा परिणाम
चुनावी प्रचार अभियान आज (रविवार) शाम 6 बजे खत्म हो जाएगा। इसके बाद चुनाव आयोग की आचार संहिता सख्ती से लागू हो जाएगी। दूसरे चरण में 11 नवंबर को राज्य की 122 सीटों पर मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। अब फैसला जनता के हाथ में है कि वे एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर भरोसा जताएंगे या इस बार महागठबंधन को सत्ता में वापसी का मौका देंगे।
Keywords: Bihar Assembly Election 2025, Nitish Kumar, Bihar Vidhansabha Polls, Amit Shah

