आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में रायवरम के पास उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बस और बजरी से लदे टिपर ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां आग के गोलों में तब्दील हो गईं। वहीं बस में सवार यात्री निकलने की कोशिश करते, तब तक 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार यात्रियों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 18 लोगों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक और बस में जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद बस में पीछे बैठे यात्री उसी में फंस गए और दम घुटने व आग के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि जानकारी मिलने के बाद तुरंत रेस्क्यू कर बाकी यात्रियों को, जो अंदर फंसे थे, बाहर निकाला गया।
सीएम ने कहा…
आंध्र प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा सदमा व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना में बस में सवार कई यात्रियों के जिंदा जल जाने पर गहरा दुख जताया, जहां एक टिपर ने एक निजी ट्रैवल बस को टक्कर मार दी थी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बात कर घटना की पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस तेलंगाना राज्य के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की व्यापक जांच करने और इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि घटना के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि हादसे का कारण क्या था। वहीं घायलों में से कुछ की हालत नाजुक है, जिनका इलाज किया जा रहा है।
Keywords: Andhra Pradesh Accident, Bus Truck Collision, Markapuram Rayavaram Accident, 13 Burnt Alive, Road Accident India, Bus Fire Incident, Tipper Truck Collision, Andhra News Hindi

