सुरक्षा एजेंसियां उस समय सतर्क हो गईं, जब उन्हें एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में उल्लेख किया गया था कि दिल्ली के लाल किला और सचिवालय को बम से उड़ा दिया जाएगा। यह मेल सोमवार दोपहर को प्राप्त हुआ, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
धमकी भरा ईमेल दिल्ली फायर सर्विस को मिला। विभाग ने जानकारी देते हुए बताया, “दिल्ली सचिवालय को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली है। फायर विभाग को दोपहर 12 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।”
धमकी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने पूरे लाल किला परिसर को खाली करा दिया और बम निरोधक दस्ता (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की जांच शुरू कर दी। फिलहाल अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से अधिकारी कोई कोताही नहीं बरतना चाहते हैं। यही कारण है कि गहनता से जांच की जा रही है।
सुबह स्कूलों को उड़ाने की मिली थी धमकी
आज सुबह राजधानी दिल्ली के दो प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और एहतियातन दोनों स्कूलों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
लगातार मिल रही हैं धमकियां
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली के स्कूलों और लाल किला को उड़ाने की धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन जांच के बाद सभी मामले फर्जी (होक्स कॉल) पाए गए हैं। वहीं, दिल्ली में हुए पिछले धमाकों के बाद प्रशासन हर धमकी को गंभीरता से ले रहा है और पूरी जांच कर रहा है। बता दें कि राजधानी दिल्ली अक्सर आतंकियों के निशाने पर रही है।
Keywords: Red Fort Bomb Threat, Delhi Secretariat Threat, Delhi Police, Bomb Threat, Delhi News

