हैदराबाद: तेलंगाना के कामारेड्डी कस्बे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चिकन करी बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि खाना न बनाने की बात पर झगड़ा इतना बढ़ गया कि महिला ने गुस्से में आकर अपने पति पर हंसिये से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिकन करी विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल की रात कामारेड्डी में एक 28 वर्षीय महिला ने अपने 35 वर्षीय पति पर हंसिये से हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कबाड़ का काम करता था। बताया गया कि वह शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से विवाद करता था, जिससे दोनों के बीच तनाव बना रहता था। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
ठाणे में घरेलू विवाद बना खौफनाक
ठाणे में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी नरेश कमलसिंह खड़का (32) ने आगाखानवाड़ी स्थित घर में इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गया। पुलिस ने उसे नवी मुंबई के पनवेल से गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पहचान हीमा खड़का के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
Keywords: Chicken Curry Dispute Murder, Wife Kills Husband With Sickle, India Domestic Violence Murder Cases

