मोतिहारी के दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोणी गांव में उस समय हंगामा मच गया जब बदमाशों ने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के करीबी नेता कामेश्वर सहनी को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारों ने नजदीक से उनके कनपटी पर उस वक्त गोली चलाई, जब वह सुबह शौच से लौटने के बाद अपने पड़ोसी के दरवाजे पर फ्रेश हो रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने उनके सिर में तीन गोलियां मारीं और फरार हो गए। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और लोगों ने पुलिस के पहुंचते ही हंगामा किया। हालांकि समझाने-बुझाने पर स्थिति शांत हुई, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
आरजेडी ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना
कामेश्वर सहनी की हत्या के बाद आरजेडी नेता और पूर्व विधायक डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। अपराधी दिनदहाड़े हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इस हत्याकांड के पीछे किसका हाथ है, इसे उजागर किया जाना चाहिए और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। बता दें कि बिहार में हाल ही में एक बार फिर एनडीए सरकार बनी है और नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री बने हैं। ऐसे में विपक्ष इस तरह की घटनाओं को मुद्दा बनाकर सरकार पर निशाना साध रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
हत्या के बाद पुलिस डॉग स्क्वाड और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान में जुट गई है। जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि इस अपराध की गहनता से जांच की जा रही है और जिसके भी इसमें शामिल होने के साक्ष्य मिलेंगे, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हत्या की वजह पुरानी रंजिश है, किसी गैंग का हाथ है या कोई और कारण इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल अभी तक पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लगा है।
Keywords: Motihari, Bihar Crime News, VIP Leader Murder, Kameshwar Sahni, MukeshSahni, Bihar News, Motihari Breaking

