Lucknow Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जिला कोर्ट परिसर के आसपास रविवार सुबह उस समय तनाव बढ़ गया, जब नगर निगम और पुलिस की टीम ने अवैध निर्माण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। हाईकोर्ट के आदेश के बाद चलाए जा रहे इस अभियान में कई चैम्बर और दुकानों को हटाया जा रहा है। कार्रवाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और वकीलों की पुलिस से बहस व धक्का-मुक्की होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की।
वकीलों का आरोप है कि उन्हें पहले से कोई नोटिस या जानकारी नहीं दी गई, जबकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई तेज
लखनऊ को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी के तहत जिला कोर्ट परिसर और उसके आसपास बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन का कहना है कि इन निर्माणों की वजह से आम लोगों, वकीलों और कोर्ट आने वाले पक्षकारों को काफी परेशानी हो रही थी। नगर निगम ने करीब 240 ऐसे निर्माण चिह्नित किए हैं जो तय नियमों के अनुसार नहीं बने थे। इनमें कुछ वकीलों के चैम्बर भी शामिल बताए जा रहे हैं। किसी भी विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कार्रवाई के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन
जैसे ही चैम्बर हटाए जाने की खबर फैली, बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंच गए और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। वकीलों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना और नोटिस के बुलडोजर चलाना गलत है। वहीं नगर निगम की टीम लगातार अवैध निर्माण हटाने में जुटी रही।
स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात किए गए हैं। विरोध प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लगातार वकीलों की भीड़ बढ़ती जा रही है।
Keywords: Lucknow Bulldozer Action, Lucknow District Court Protest, Illegal Encroachment Drive Lucknow

