कॉमेडी की दुनिया से एक दुखद खबर आमने आई है। मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन राज शर्मा का 24 अप्रैल को 50 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके करीबी दोस्त और कॉमेडियन वीर दास ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें याद किया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राज शर्मा को याद कर भावुक हुए वीर दास
वीर दास ने कॉमेडियन राज शर्मा के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि राज शर्मा ने ही उन्हें “लाफ फैक्ट्री” में पहला स्टेज दिलाने में मदद की थी और हमेशा यह भरोसा दिलाया कि वह अमेरिकी कॉमेडी सीन में अपनी जगह बना सकते हैं। वीर दास के मुताबिक राज न सिर्फ एक शानदार कॉमेडियन थे, बल्कि उनका दर्शकों से जुड़ने का तरीका भी बेहद खास था, जिसे दोहराना मुश्किल है।
वीर दास ने राज शर्मा के साथ अपने रिश्ते को किया याद
वीर दास ने राज शर्मा को याद करते हुए बताया कि वह हमेशा उनके एहसान को लौटाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने उन्हें अपने शो ‘वीर्डऐस पजामा फेस्टिवल’ और ‘जेस्टिनेशन अननोन’ में सबसे पहले आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि यह प्रोफेशन कई बार लोगों को कठोर बना देता है, लेकिन राज ऐसे इंसान थे जो दूसरों की सफलता पर भी दिल से खुश होते थे। वीर दास के अनुसार, दोनों ने एक-दूसरे की परफॉर्मेंस को करीब से देखा और सराहा, जो उनके रिश्ते को खास बनाता है।
अस्पताल में भर्ती थे कॉमेडियन
वीर दास ने लिखा कि कॉमेडी का पेशा कई बार इंसान को अकेला और कठोर बना देता है, लेकिन राज शर्मा एक बेहतरीन दोस्त और बड़े दिल वाले इंसान थे। उन्होंने कहा कि एक कॉमेडियन के तौर पर राज शर्मा को फॉलो करना बेहद मुश्किल था और यह उनके लिए सबसे बड़ी तारीफ है। वीर दास ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ‘रेस्ट इन पीस’ कहा। बता दें कि राज शर्मा के निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है, हालांकि वह पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते रहते थे।
Keywords: Vir Das Tribute Raj Sharma, Stand Up Comedian Raj Sharma Passed Away

