जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर एक शादी समारोह के दौरान हुए हमले से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि फारूक अब्दुल्ला इस हमले में बाल-बाल बच गए। दरअसल, जब एक शख्स ने फायरिंग करने की कोशिश की तो उनकी सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह, पुत्र अजीत सिंह, निवासी पुरानी मंडी, जम्मू के रूप में हुई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।
हमले पर बोले फारूक अब्दुल्ला के बेटे
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर बताया, “अल्लाह मेहरबान है, मेरे पिता बाल-बाल बच गए। फिलहाल पूरी जानकारी साफ नहीं है, लेकिन जो शुरुआती जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक एक व्यक्ति लोडेड पिस्टल लेकर बेहद करीब तक पहुंच गया और उसने पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली चला दी। हालांकि क्लोज प्रोटेक्शन टीम ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए गोली का रुख मोड़ दिया और संभावित हमले को नाकाम कर दिया। इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि Z+ और NSG सुरक्षा में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री के इतना करीब कोई व्यक्ति कैसे पहुंच गया।”
हमलावर की पहचान क्या है?
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस घटना को अंजाम देने वाला शख्स 63 वर्षीय कमल सिंह जमवाल है, जो जम्मू के पुरानी मंडी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान उसने हैरान करने वाला खुलासा करते हुए कहा कि वह काफी समय से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने की सोच रहा था और इसी मकसद से मौका तलाश रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना में जिस पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया, वह उसकी खुद की लाइसेंसी बंदूक है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
बीजेपी ने जताई चिंता
भाजपा नेता रविंदर रैना ने जम्मू में हुई गोलीबारी की घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि देर रात एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि उस समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे।
रैना के अनुसार, गोली चलाने वाले आरोपी को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और अब सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस घटना के पीछे किसी आतंकी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी एंगल से जांच जारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भगवान की कृपा से शादी समारोह में मौजूद सभी लोग, जिनमें फारूक अब्दुल्ला भी शामिल थे, पूरी तरह सुरक्षित हैं।
Keywords: Farooq Abdullah Attack, Farooq Abdullah Murder, Jammu Kashmir, Kamal Singh Jamwal

