बिहार के पूर्णिया जिले के हाट थाना क्षेत्र की यूरोपीय कॉलोनी में एक परिवार के तीन सदस्य नवीन कुशवाहा, उनकी पत्नी कंचन माला और बेटी तन्नू प्रिया संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। नवीन कुशवाहा, जेडीयू नेता निरंजन कुशवाहा के बड़े भाई थे। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मौके पर जांच कर रही है और शुरुआती रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, निरंजन कुशवाहा ने इसे दुर्घटना बताया है।
पुलिस जांच में उठे कई सवाल
पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। नवीन कुशवाहा के गले पर लिगेचर मार्क मिले, जबकि उनकी बेटी तन्नू प्रिया के सिर के पीछे गंभीर चोट थी। हालांकि, पत्नी कंचन माला के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिवार मानसिक और शारीरिक तनाव में था, पिता हमेशा बेटी की सेहत को लेकर चिंतित रहते थे और मां बीपी व डायबिटीज की पेशंट थीं।
निरंजन कुशवाहा ने इसे दुर्घटना बताया
घटना की सूचना मिलते ही जेडीयू नेता निरंजन कुशवाहा पटना से तुरंत पूर्णिया पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि यह एक दुखद दुर्घटना है, किसी साजिश या आत्महत्या का मामला नहीं। उनके अनुसार, उनकी भतीजी तन्नू प्रिया सीढ़ियों से फिसल गई थीं। उसे बचाने की कोशिश में उनके बड़े भाई नवीन भी गिर पड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। इस दौरान भाभी कंचन माला को सदमा लगा और उनकी मौत हार्ट अटैक से हो गई। निरंजन कुशवाहा ने कहा कि घटना की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी।
पप्पू यादव ने की हाई लेवल जांच की मांग
हादसे की जानकारी मिलते ही जन अधिकार पार्टी के प्रमुख और सांसद पप्पू यादव गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचे। शवों को देखने के बाद उन्होंने कहा कि यह मौतें सामान्य नहीं लगतीं। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर यह दुर्घटना थी, तो तीन लोगों की एक साथ मौत कैसे हुई?” पप्पू यादव ने राज्य सरकार से पूरे मामले की हाई लेवल जांच कराने की मांग की, ताकि असली सच्चाई सामने आ सके।
कई नेता घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही कई स्थानीय नेता घटनास्थल पर पहुंचे। मंत्री लेशी सिंह, विधायक प्रत्याशी विजय खेमका, कांग्रेस के जितेंद्र यादव और आरजेडी की बीमा भारती समेत कई नेता परिवार के घर जाकर संवेदना व्यक्त की। फिलहाल, पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा।
Keywords: Purnea Death Case, Niranjan Kushwaha Brother Death, JDU Leader Family Death, Suspicious Deaths Purnea

