India US Trade Deal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (7 फरवरी) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे भारत-अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रतिबद्ध हैं।
‘मेक इन इंडिया’ को मिली नई रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रिश्तों, विश्वास और सहयोग की मिसाल है। इससे भारत के किसानों, उद्यमियों, छोटे और मझोले उद्योगों, स्टार्टअप्स, मछुआरों और अन्य समुदायों के लिए नए अवसर पैदा होंगे, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
Great news for India and USA!
— Narendra Modi (@narendramodi) February 7, 2026
We have agreed on a framework for an Interim Trade Agreement between our two great nations. I thank President Trump for his personal commitment to robust ties between our countries.
This framework reflects the growing depth, trust and dynamism of… https://t.co/zs1ZLzamhd
निवेश व सप्लाई चेन होगी और मजबूत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ही नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और यह नया समझौता हमारे बीच निवेश और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि यह फ्रेमवर्क विश्वसनीय और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ करेगा, जो वैश्विक विकास में अहम योगदान देगा। मोदी जी ने यह भी कहा कि भारत अपने निर्माण क्षेत्र में प्रगति करते हुए भविष्य की पहलुओं पर ध्यान दे रहा है, ताकि हमारे लोग सशक्त बनें और वैश्विक साझेदारी के जरिए साझा समृद्धि की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
पांच वर्षो में 500 अरब डॉलर का आयात लक्ष्य
भारत और अमेरिका के संयुक्त बयान में घोषणा की गई है कि भारत अगले 5 वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा। इसमें ऊर्जा उत्पाद, विमान और उनके पार्ट्स, कीमती धातुएं, टेक्नोलॉजी उत्पाद और कोकिंग कोल शामिल हैं। इसके साथ ही, दोनों देशों ने डेटा सेंटर के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट और अन्य तकनीकी उत्पादों के व्यापार को बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके अलावा, डिजिटल व्यापार के लिए स्पष्ट और प्रभावी नियम बनाए जाने पर भी दोनों देशों ने सहमति दी है।
Keywords: Make In India, India America Trade Framework, Technology Partnership, Employment Generation, Global Supply Chain

