Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने करीब 35 साल पुराने एक मामले में जमानत टूटने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आधी रात को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस जब पप्पू यादव को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उनके समर्थकों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस वाहन के सामने खड़े होकर गिरफ्तारी का विरोध किया, जिससे पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि यह उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ 31 साल पुराने एक मकान को किराए पर लेकर उस पर कब्जा करने से जुड़ा मामला दर्ज है, जिसमें अदालत ने सुनवाई के बाद उनके खिलाफ वारंट जारी किया था।
पुलिस का बयान: पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बताया कि यह मामला 1995 का है, जो IPC की विभिन्न धाराओं 468, 506 और 120बी समेत अन्य धाराओं के तहत दर्ज था। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश की अवमानना के आरोप में गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। पप्पू यादव द्वारा ली जा रही मेडिकल दवाएं उनके साथ रख दी गई हैं और उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती: गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें पहले IGIMS अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में शिफ्ट किया जा रहा है।
Keywords: Pappu Yadav Arrest, Pappu Yadav Health, Pappu Yadav Supporters Protest, Pappu Yadav Court Order

