मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने लेने का दावा किया है। घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फायरिंग के बाद से ही पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी, इसी बीच इस मामले में एक नया खुलासा सामने आया है।
सूत्रों के अनुसार, फायरिंग के बाद शुभम लोनकर आरजू बिश्नोई नाम की सोशल मीडिया आईडी से एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में धमकी भरे लहजे में न सिर्फ रोहित शेट्टी बल्कि अन्य फिल्मी हस्तियों का भी जिक्र किया गया है। मैसेज में कहा गया है कि पहले भी चेतावनी दी गई थी और इस घटना को “छोटा सा ट्रेलर” बताया गया है। पोस्ट में आगे धमकी दी गई है कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगली बार हमला घर के बाहर नहीं बल्कि अंदर किया जाएगा।
इस पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को चेतावनी देने की बात कही गई है और कहा गया है कि समय रहते चेत जाएं, वरना गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि जिन लोगों को फोन किए गए हैं, उन्हें सामने आने को कहा गया है, नहीं तो उनके लिए छिपने की जगह कम पड़ जाएगी। पोस्ट के अंत में “wait and watch” लिखते हुए खुद को Lawrence Bishnoi Group से जुड़ा बताया गया है और कुछ नामों के साथ RIP हैशटैग का भी इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुलिस जांच कर रही है।
पुणे से चार संदिग्ध हिरासत में
फायरिंग मामले की जांच में पुणे पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने पुणे के वारजे और कर्वेनगर इलाके में छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए सभी लोग एक कुख्यात आपराधिक गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पुणे पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच के बाद इन संदिग्धों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा। पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
Keywords: Rohit Shetty House Firing, Lawrence Bishnoi Group Responsibility, Pune Suspects Arrest

