रणबीर कपूर अब सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि कैमरे के पीछे भी अपनी विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। एक्टिंग के बाद वो अब डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं और वो भी अपने दादा राज कपूर के मशहूर आर.के. स्टूडियो के बैनर तले।
रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर कपूर अपने दादा के इस ऐतिहासिक स्टूडियो को नए अंदाज़ में री-लॉन्च करने का प्लान बना रहे हैं। इस बैनर के तहत वे अपनी पहली फिल्म का निर्देशन करेंगे। खास बात ये है कि इस प्रोजेक्ट के लिए रणबीर अपने करीबी दोस्त अयान मुखर्जी और अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
खबर है कि रणबीर इस समय मुंबई में आर.के. स्टूडियो के लिए नई जगह की तलाश में हैं। हालांकि वे जल्दबाज़ी में कोई बड़ा कदम नहीं उठाना चाहते। पहले वे इस ब्रांड की क्रिएटिव लाइन-अप को मज़बूती देना चाहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रणबीर इस समय स्टूडियो की इमारत से ज़्यादा उसके विज़न और पहचान को फिर से जीवित करने पर ध्यान दे रहे हैं। बाद में वो एक ऐसी जगह बनाना चाहते हैं जहां प्रोडक्शन हाउस का दफ्तर और एक प्राइवेट स्क्रीनिंग थिएटर मौजूद हो।
विरासत को नए दौर में ढालने की कोशिश
रणबीर कपूर ने अपने जन्मदिन पर ही बताया था कि डायरेक्शन उनका अगला बड़ा सपना है। अब लगता है कि वे उस सपने को साकार करने की दिशा में पहला कदम बढ़ा चुके हैं। वे चाहते हैं कि आर.के. स्टूडियो की विरासत को आधुनिक और आज के हिसाब के साथ आगे बढ़ाया जाए। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के शुरुआती चरण अभी प्लानिंग स्टेज पर हैं और कई क्रिएटिव व टेक्निकल पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
आर.के. स्टूडियो की गौरवशाली कहानी
राज कपूर ने 1948 में आर.के. स्टूडियो की स्थापना की थी। यह वही स्टूडियो है जहां से भारतीय सिनेमा को ‘बरसात’ (1949), ‘आवारा’ (1951), ‘मेरा नाम जोकर’ (1970), ‘बॉबी’ (1973), ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ (1978), ‘प्रेम रोग’ (1982) और ‘राम तेरी गंगा मैली’ (1985) जैसी कालजयी फिल्में मिलीं।
इस बैनर तले बनी आखिरी फिल्म थी ‘आ अब लौट चलें’ (1999), जिसे रणबीर के पिता ऋषि कपूर ने डायरेक्ट किया था। अब दो दशक बाद, रणबीर कपूर उसी विरासत को एक नए अध्याय में बदलने की तैयारी कर रहे हैं जहां परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिल सकता है।
Keywords: Ranbir Kapoor Direction Debut, RK Studio Relaunch, Ranbir Kapoor And Deepika Padukone Movie, Raj Kapoor Legacy, Bollywood Upcoming Film

