मुंबई: अजित पवार के निधन के बाद अब सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है। उनके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजभवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुनेत्रा पवार आज शाम 5 बजे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। इसी बीच विभागों के बंटवारे और शरद पवार की पार्टी एनसीपी के संभावित विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को मंत्रिमंडल में खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वहीं वित्त विभाग का प्रभार फिलहाल उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहने की संभावना है। ऐसे में आगामी बजट पेश करने की जिम्मेदारी भी देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहेगी।
शरद पवार बोले—मुझे नहीं थी जानकारी
सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर शरद पवार का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनसे कोई चर्चा नहीं की गई और उन्हें शपथ ग्रहण कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है। इसी दौरान शरद पवार अपने नेताओं के साथ एक अहम बैठक कर रहे हैं। इस बीच अजित पवार के बेटे पार्थ पवार भी बारामती पहुंच चुके हैं, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक जारी है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि दोनों दलों के एकजुट होने की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं।
क्या पवार खेमे में खटपट?
देश की राजनीति में शरद पवार का कद बेहद बड़ा माना जाता है। ऐसे में उनका यह कहना कि उन्हें सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने की जानकारी नहीं थी, कई सियासी संकेत देता है। हालांकि शरद पवार ने यह भी कहा कि दोनों दलों का एक साथ आना अजित पवार की इच्छा थी और उसे पूरा किया जाना चाहिए था, लेकिन उनके निधन के बाद इस विषय पर बातचीत फिलहाल रुक गई है।
Keywords: Sunetra Pawar, First Woman Deputy CM Maharashtra, Sunetra Pawar Oath Ceremony, NCP Pawar Family, Ajit Pawar News

