हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्टर असरानी का हाल ही में 84 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे लंबे समय से सेहत से जुड़ी दिक्कतों का सामना कर रहे थे, और उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा दुःख पहुंचा है। असरानी सिर्फ एक शानदार एक्टर ही नहीं थे, बल्कि वे एक बहुत अच्छे इंसान भी माने जाते थे। इन दिनों सोशल मीडिया पर असरानी के एक करीबी दोस्त हनीफ जावेरी का इंटरव्यू खूब वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू में हनीफ ने असरानी से जुड़ी कई ऐसी बातें बताई है जो पहले कभी सामने नहीं आई थीं। इन्हीं बातों में से एक किस्सा हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर से भी जुड़ा है, जिसके कारण दोनों के बीच नाराजगी हो गई थी, और राज कपूर ने असरानी की एक बात से नाराज होकर उनके साथ काम ना करने की कसम खा ली थी।
ऋषि कपूर को नहीं मिला था एडमिशन
हनीफ जावेरी ने बताया कि यह बात उस समय की है जब असरानी ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत ही की थी। उसी समय राज कपूर अपने बेटे ऋषि कपूर को फिल्मों में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। राज कपूर की इच्छा थी कि फिल्मों में आने से पहले ऋषि कपूर पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में एक्टिंग की ट्रेनिंग ले। उस समय असरानी इस इंस्टीट्यूट में नए लोगों को ट्रेनिंग देने का काम करते थे। इस इंस्टीट्यूट में दाखिला यानी एडमिशन केवल उसी को मिलता था जिसने बारहवीं पास की हो, लेकिन ऋषि कपूर बारहवीं पास नहीं थे, इसलिए उन्हें वहा एडमिशन नहीं मिल पाया था। इसके बाद राज कपूर ने असरानी को फोन किया और उनसे मदद मागी, लेकिन असरानी नियमों के आगे कुछ नहीं कर पाए और इस वजह से राज कपूर और असरानी के बीच मनमुटाव हो गया था।
राज कपूर ने ले ली थी कसम
इस घटना से राज कपूर इतने नाराज हुए कि उन्होंने कसम खा ली थी कि वह ना तो असरानी के साथ कभी काम करेंगे और ना ही उन्हें अपनी किसी फिल्म में लेंगे। दूसरी तरफ, असरानी ने भी यह तय कर लिया था कि वह भी कभी राज कपूर के साथ काम नहीं करेंगे। हालांकि राज कपूर से अनबन होने के बावजूद, ऋषि कपूर और असरानी की दोस्ती बहुत गहरी थी। दोनों ने मुश्किल वक्त में एक दूसरे का साथ दिया और एक साथ कई फिल्मों में काम भी किया। ऋषि कपूर ने असरानी की फिल्म चला मुरारी हीरो बनने के एक सीन की शूटिंग के लिए आरके स्टूडियो में करने की सलाह दी थी। ऋषि कपूर को लगा था कि इस सीन के लिए आरके स्टूडियो की जगह सबसे सही रहेगी। खास बात यह है कि ऋषि कपूर ने आरके स्टूडियो में शूट करने के लिए असरानी से एक रुपया भी फीस के तौर पर नहीं लिया था।
Keywords: Raj Kapoor Rift, Asrani Story, Rishi Admission, Bollywood Feud, Old Cinema

