मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवसेना के संस्थापक और महाराष्ट्र की राजनीति के प्रख्यात नेता बालासाहेब ठाकरे को उनकी 100वीं जयंती के अवसर पर याद किया। 23 जनवरी को बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी पर पीएम मोदी ने उनके साथ बिताए पलों की पुरानी तस्वीरें साझा कीं और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बालासाहेब ठाकरे को तेज बुद्धि, प्रभावशाली वक्तृत्व कला और अडिग विचारों वाला नेता बताते हुए कहा कि उनका जनमानस से गहरा और सीधा जुड़ाव था।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महान बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के अवसर पर हम एक ऐसे महान व्यक्तित्व को नमन करते हैं, जिन्होंने महाराष्ट्र के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को गहराई से आकार दिया।
तेज बुद्धि, ओजस्वी वाणी और अटल विचारों के लिए प्रसिद्ध बालासाहेब का जनता से एक अनोखा रिश्ता था। राजनीति के साथ-साथ उन्हें संस्कृति, साहित्य और पत्रकारिता से भी गहरा लगाव था। एक कार्टूनिस्ट के रूप में उनका रचनात्मक सफर समाज पर उनकी पैनी नजर और विभिन्न मुद्दों पर उनकी निडर टिप्पणी को दर्शाता है।
महाराष्ट्र के विकास को लेकर उनके दूरदर्शी विचार आज भी हमें प्रेरणा देते हैं और हम उनके सपनों को साकार करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।”
On the birth centenary of the great Balasaheb Thackeray, we pay tribute to a towering figure who profoundly shaped Maharashtra’s socio-political landscape.
— Narendra Modi (@narendramodi) January 23, 2026
Known for his sharp intellect, powerful oratory and uncompromising convictions, Balasaheb commanded a unique connect with… pic.twitter.com/Gneeh5E9AP
बालासाहेब ठाकरे का साल 2012 में हुआ था निधन
बालासाहेब ठाकरे का निधन वर्ष 2012 में हुआ था। 17 नवंबर 2012 को उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में किया गया। बालासाहेब को मुंबई और महाराष्ट्र में स्नेहपूर्वक ‘मराठा टाइगर’ के नाम से जाना जाता था। उनके निधन की खबर मिलते ही मुंबई स्वतः ही ठहर गई, बिना किसी आधिकारिक आह्वान के लोगों ने अपनी मर्जी से बंद रखा। यह दृश्य बालासाहेब ठाकरे के प्रति जनता के गहरे सम्मान, प्रभाव और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
Keywords: Balasaheb Thackeray Birth Anniversary, PM Modi, Balasaheb Thackeray, Balasaheb Thackeray Jayanti, Shiv Sena

