लखनऊ: दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक नया विवाद सामने आया है। दरअसल, प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के रिश्तों में दरार आ गई है। इसी के चलते प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव से तलाक लेने का फैसला किया है। प्रतीक यादव ने तलाक देने का ऐलान भी कर दिया है। प्रतीक यादव ने खुद इस बारे में जानकारी देते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने की बात कही। उन्होंने लिखा है कि वह इस रिश्ते को जल्द से जल्द समाप्त करना चाहते हैं।
तलाक की वजह
प्रतीक यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह एक स्वार्थी महिला से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहे हैं। उनका आरोप है कि अपर्णा यादव ने उनके परिवार के रिश्तों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अपर्णा को सिर्फ प्रसिद्ध और प्रभावशाली बनना है, इसके अलावा उन्हें किसी की परवाह नहीं है। प्रतीक यादव ने आगे लिखा कि वह इस समय बेहद खराब मानसिक स्थिति से गुजर रहे हैं, लेकिन अपर्णा को इसकी कोई चिंता नहीं है, क्योंकि वह केवल अपने बारे में ही सोचती हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्होंने आज तक इतनी बुरी आत्मा नहीं देखी और दुर्भाग्य से उनकी शादी उसी से हो गई। प्रतीक यादव ने यह भी कहा कि अपर्णा सिर्फ अपने हितों के बारे में सोचती हैं। उन्होंने उन्हें स्वार्थी बताते हुए कहा कि वह गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं, जिसका अंदाजा अपर्णा को नहीं है।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी साल 2009 में हुई थी। प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं, जिन्होंने पार्टी को एक नई पहचान दिलाई। वहीं, उनकी पत्नी अपर्णा यादव फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़ी हुई हैं। फिलहाल, इस मामले पर अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Keywords: Prateek Yadav, Aparna Yadav, Prateek Yadav Divorce, Aparna Yadav Divorce News, Mulayam Singh Yadav Family

