गुजरात: फेमस स्पिरिचुअल आर्गेनाईजेशन ‘ब्रह्माकुमारीज़‘ एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। गुजरात के अंकलेश्वर की रहने वाली एक गुजराती फिल्म अभिनेत्री और मॉडल ने संस्था से जुड़े ज्ञान सरोवर केंद्र, माउंट आबू में कार्यरत एक सेवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजस्थान के जालोर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला ने दावा किया कि केंद्र की रसोई में काम करने वाले अमित नामक व्यक्ति ने उसे दिए गए प्रसाद में नशीला पदार्थ मिला दिया। अभिनेत्री के अनुसार, प्रसाद ग्रहण करने के बाद वह करीब दो घंटे तक बेहोश रही। जब उसे होश आया, तो आरोपी उसके पास मौजूद था और इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला का कहना है कि घटना के बाद उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है, उसकी आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई।
पुलिस और संस्था पर सहयोग न करने का आरोप
अभिनेत्री का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उस पर फोन और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क बनाए रखने का दबाव डालता रहा और बदनाम करने की धमकी देता रहा। उसने आरोप लगाया कि उसने इस पूरे मामले की जानकारी ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के अधिकारियों को भी दी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला का दावा है कि आबू रोड और गुजरात पुलिस ने भी उसकी शिकायत दर्ज करने में सहयोग नहीं किया।
इसी कारण, खुद को न्याय न मिलता देख उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को सार्वजनिक करने का फैसला किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ब्रह्माकुमारीज़ की कुछ वरिष्ठ महिला सदस्य, जिन्हें ‘दीदी’ कहा जाता है, विशेष रूप से भरूच केंद्र से जुड़ी कुछ महिलाओं ने उसे धमकाया और चुप रहने का दबाव बनाया।
ब्रह्माकुमारीज़ का पलटवार, आरोपों को बताया झूठा
वहीं दूसरी ओर, ब्रह्माकुमारीज़ संस्था ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। भरूच के जादेश्वर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभार संभाल रहीं प्रभा दीदी और अनिला दीदी ने महिला के दावों को “निराधार, मनगढ़ंत और संस्था की छवि खराब करने की साजिश” बताया। संस्था का कहना है कि संबंधित महिला ने अपने अभिनेत्री होने का हवाला देकर विशेष सुविधाएं और वीआईपी ट्रीटमेंट की मांग की थी। आरोप है कि उसका व्यवहार केंद्र में अनुशासनहीन और अव्यवस्थित था, जिससे अन्य सेवाधारियों और स्टाफ को परेशानी हुई। ब्रह्माकुमारीज़ के अनुसार, महिला ने कर्मचारियों को धमकाने की कोशिश भी की, जिसके बाद उसे माउंट आबू और अंकलेश्वर दोनों केंद्रों से बैन कर दिया गया।
पुराने विवादों का जिक्र
संस्था ने यह भी बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब उक्त महिला विवादों में आई हो। इससे पहले अंकलेश्वर के गार्डन सिटी इलाके में एक कार जलाने के मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। इसके अलावा, वर्ष 2024 में ब्रह्माकुमारीज़ ने स्वयं अंकलेश्वर GIDC पुलिस थाने में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उस पर संस्था के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।
ब्रह्माकुमारीज़ ने स्पष्ट किया है कि ज्ञान सरोवर केंद्र के सेवक के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और मानहानिकारक हैं। संस्था ने माउंट आबू में महिला के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और कहा है कि अपनी साख और विश्वास की रक्षा के लिए कानूनी कदम उठाना जरूरी है।
Keywords: Brahma Kumaris Prasad Controversy, Gyan Sarovar, Gujarati Actress Alligation, Spiritual Organisation

