मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के गोरेगांव इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग तड़के करीब तीन बजे लगी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। आग में झुलसकर मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
आग सुबह 3 बजे लगी
शनिवार सुबह मुंबई के गोरेगांव इलाके के भगत सिंह नगर में एक रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। यह एक मंजिला इमारत राजाराम लेन में स्थित है। मुंबई फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना सुबह 3 बजकर 6 मिनट पर मिली। अधिकारियों के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल तक ही सीमित थी।
आग बिजली की वायरिंग और घरेलू सामान में लगी थी। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने पानी की बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की थी।
तीन लोगों की मौत से पसरा मातम
बताया जा रहा है कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जहां बिजली के तार और वायरिंग मौजूद थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और एहतियातन बिजली की सप्लाई काट दी गई।
आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को नजदीकी ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हर्षदा पावस्कर (19), कुशल पावस्कर (12) और संजोग पावस्कर (48) के रूप में हुई है।
Keywords: Mumbai Fire, Goregaon Fire, Mumbai Goregaon, Fire Breaks Out In Goregaon, Mumbai News

