गणतंत्र दिवस 2026 पर इस बार कर्तव्य पथ पर कुछ बेहद खास देखने को मिलेगा। आमतौर पर परेड में देश की आन-बान-शान से लबरेज तीनों सेनाओं के जवानों की ताकत और उनके शानदार करतब देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय सेना के साथ-साथ आतंकियों और दुश्मनों के मंसूबों पर पानी फेरने वाले मूक योद्धा भी नजर आएंगे। इस बार परेड में भारतीय सेना का पशु दस्ता भी खास आकर्षण का केंद्र होगा।
इस परेड में ऐसे पशुओं को शामिल किया गया है, जो कठिन और अलग-अलग परिस्थितियों में भारतीय सेना की अहम मदद करते हैं। इसमें बैक्ट्रियन ऊंट शामिल होंगे, जो बर्फीले और रेतीले इलाकों में भारी सामान ढोने में सक्षम होते हैं। वहीं ज़ांस्कर पोनी पहाड़ी और दुर्गम रास्तों पर सैनिकों की आवाजाही और रसद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शिकारी पक्षी (रैप्टर्स) और देशी नस्ल के डॉग
इसके अलावा इस दस्ते में शिकारी पक्षी (रैप्टर्स) भी शामिल किए जाएंगे, जिनका इस्तेमाल निगरानी रखने और दुश्मनों पर नजर बनाए रखने के लिए किया जाता है। साथ ही, भारतीय नस्ल के 10 सेना के कुत्ते और 6 अनुभवी सैन्य कुत्ते भी इस दल का हिस्सा होंगे। ये कुत्ते विस्फोटक ढूंढने, घुसपैठ का पता लगाने, तलाशी अभियान और सुरक्षा जैसे बेहद अहम कार्यों में तैनात रहते हैं।
यह खास दस्ता बेहद कठिन इलाकों और विशेष सैन्य अभियानों के लिए तैयार किया गया है, ताकि हर तरह की चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर, अपनी जान की परवाह किए बिना, पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा करने वाले ये मूक पशु योद्धा हर मोर्चे पर डटे रहते हैं। इनकी मदद से भारतीय सेना कई बार कठिन से कठिन मिशनों को भी सफलतापूर्वक आसान बना लेती है।
Keywords: Republic Day 2026, Indian Army, Indian Army Animal Power, Kartavya Path

