नई दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक का एजेंडा भले ही मनरेगा (MGNREGA) से जुड़े आंदोलन की रणनीति तय करना था, लेकिन चर्चा का केंद्र संगठन की हालत बन गई। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पार्टी की संगठनात्मक कमजोरी पर सवाल उठाया। उनका कहना था, कांग्रेस में कई “स्लीपर सेल” एक्टिव हैं, जिन्हें पहचानना और बेअसर करना जरूरी है। दिग्विजय ने साफ कहा कि पार्टी आंदोलन और विरोध की बातें तो करती है, लेकिन जमीन पर उतारने के लिए जो मजबूत संगठन चाहिए, वो अभी कमजोर दिखता है। उनकी बात सुनकर माहौल अचानक गंभीर हो गया, और कमरे में बहस तेज हो गई।
रीट्वीट से लेकर RSS तुलना तक
बैठक के दौरान संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, पार्टी संगठन को लेकर जितना भी काम करती है, लोग उसे सोशल मीडिया पर “रीट्वीट” तक नहीं करते। दिग्विजय सिंह ने दोबारा अपनी बात रखी कि समस्या गहरी है, और पार्टी के अंदर जो स्लीपर सेल हैं, वही बड़ी वजह हैं। इससे पहले दिग्विजय ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें RSS-BJP के संगठन की ताकत का जिक्र था। उन्होंने लिखा, एक आम स्वयंसेवक संगठन के दम पर मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बन गया, ये संगठन की असली ताकत है। उनकी इस पोस्ट से कांग्रेस के भीतर बेचैनी दिखी, और बीजेपी ने इसे राहुल गांधी पर निशाना बताया।

एजेंडा से भटकाव या जरूरी आत्ममंथन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब दिग्विजय बार-बार संगठन मजबूत करने और विकेंद्रीकरण की बात करते रहे, तो कुछ वरिष्ठ नेताओं ने याद दिलाया, बैठक का असली मुद्दा MGNREGA आंदोलन है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा, बाकी नेताओं की राय भी सुनी जाए। लेकिन, साफ था कि संगठन की हालत पर उठे सवालों को नज़रअंदाज़ करना अब मुश्किल है। कई नेताओं ने माना, चुनावी राजनीति में असली फर्क तभी पड़ता है जब आंदोलन वोट में बदले, और ये बिना मजबूत संगठन के मुमकिन नहीं।
बाद में दी सफाई फिर भी सवाल बरकरार
बैठक के बाद दिग्विजय सिंह ने सफाई दी कि वो RSS की विचारधारा के हमेशा विरोधी रहे हैं और रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS न संविधान मानता है, न कानून, लेकिन उसकी संगठन क्षमता काबिल-ए-तारीफ है। दिग्विजय ने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा आंदोलनकारी पार्टी रही है, लेकिन अक्सर आंदोलन वोट में बदलने में चूक जाती है। हर संगठन में सुधार की जगह होती है, कांग्रेस को भी अपना ढांचा मजबूत करना होगा। कुल मिलाकर, ये बैठक सिर्फ एक आंदोलन की रणनीति तक नहीं रुकी बल्कि कांग्रेस के भविष्य, नेतृत्व और संगठन की दिशा पर नई बहस शुरू कर गई।
Keywords: Congress CWC Meeting, Digvijaya Singh Statement, Sleeper Cell Controversy, MGNREGA Protest, RSS BJP Organization

