Maharashtra Local Body Election Results: महाराष्ट्र की नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनावों के नतीजे रविवार को आते ही माहौल पूरी तरह बदल गया। शुरुआत के रुझान ही बता रहे थे कि मामला सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, इसका असर राज्य की बड़ी सियासी लड़ाइयों तक जाएगा। कहीं उम्मीद के बाहर नतीजे दिखे, तो कई जगह पार्टियों ने अपनी पुरानी पकड़ कायम रखी। कुल मिलाकर बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी की गठबंधन सरकार ने बाजी मारी। राजनीतिक जानकारों की मानें तो ये नतीजे आगे होने वाले महानगरपालिका चुनावों की भी दिशा तय कर सकते हैं, क्योंकि इस बार जनता ने सत्ता पक्ष को खुलकर सपोर्ट किया है।
बीजेपी का शतक, शिवसेना की हाफ सेंचुरी
चुनाव नतीजों पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुलकर खुशी जताई। उनके मुताबिक, विधानसभा चुनाव के बाद अब नगर परिषद और नगर पंचायत में भी महायुति की जीत ने साफ कर दिया है कि लोग सरकार के काम से खुश हैं। बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटें जीत लीं, और शिवसेना ने भी पचास का आंकड़ा पार कर लिया। शिंदे ने बताया कि शिवसेना ने कम सीटों पर चुनाव लड़ा, फिर भी उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया कई जगह नगर अध्यक्ष और नगरसेवक दोनों की सीटें जीतीं। उनका कहना है, ये सिर्फ आंकड़ों की जीत नहीं, बल्कि संगठन की ताकत का सबूत है।
महाविकास अघाड़ी पर सीधा हमला
इन नतीजों के बहाने शिंदे ने महाविकास अघाड़ी को भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा, महाविकास अघाड़ी ने जितनी सीटें मिलकर जीतीं, उससे ज्यादा अकेले शिवसेना ने अपने दम पर हासिल कर लीं। शिवसेना को सिर्फ ठाणे तक सीमित मानने वाले दावों को भी शिंदे ने खारिज कर दिया। उनके मुताबिक, इन चुनावों ने दिखा दिया कि शिवसेना की पकड़ राज्य के दूसरे हिस्सों में भी मजबूत है। शिंदे ने साफ कहा कि विपक्ष जनता से दूर होता जा रहा है, और इसका असर नतीजों में दिख रहा है।
‘जो घर में बैठे, जनता ने भी घर बैठा दिया’
उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए शिंदे बोले जो नेता मैदान छोड़कर घर में बैठ गए, उन्हें जनता ने भी इस बार घर बैठा दिया। उनके हिसाब से, वोटर ने साफ़ कर दिया कि असली शिवसेना किसके साथ है। शिंदे का दावा है कि अब तक शिवसेना ने नगर परिषदों में 44 और नगर पंचायतों में 8 सीटें जीत ली हैं, जो पार्टी की लोकप्रियता दिखाता है। उनका भरोसा है कि यही रुझान आने वाले महानगरपालिका चुनावों में भी जारी रहेगा और महायुति वहां भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
Keywords: Maharashtra Civic Polls, Nagar Parishad Election Results, Nagar Panchayat Results, Shiv Sena Performance

