कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वो आनेवाले बीएमसी चुनाव में अकेले मैदान में उतरेगी। मुंबई में शनिवार को कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने दो टूक कह दिया कि पार्टी इस बार गठबंधन के बजाय अपनी राह चुनेगी। ये फैसला ऐसे वक्त में आया है जब महाविकास आघाड़ी (एमवीए) का भविष्य ही हवा में लटका है और तालमेल पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस को लगता है, अगर मुंबई जैसे बड़े शहर में अपनी पहचान बचानी है, तो अब उसे किसी के सहारे नहीं, खुद अपने दम पर लड़ना होगा।
पार्टी के नेताओं के साथ मीटिंग के बाद लिया गया फैसला
चेन्निथला मुंबई पहुंचे थे बीएमसी और बाकी 28 नगर निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने। पार्टी के नेताओं के साथ मीटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से पार्टी की रणनीति साफ कर दी। इससे पहले पुणे में भी चेन्निथला और फिर वर्षा गायकवाड़ के बयानों ने पार्टी के भीतर हलचल मचा दी थी। कुछ नेताओं ने चिंता जताई कि इससे एमवीए के भविष्य पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एआईसीसी (AICC) ने राज्य और शहर इकाइयों को गठबंधन पर फैसला लेने की छूट दे रखी है। कांग्रेस अब इलाके के हिसाब से अपनी रणनीति बना रही है और जहां मुनासिब लगे, वहां अकेले चल रही है।
Congress will win only 5 seats in Mumbai
— rahulm1104 (@rahulm1104) December 20, 2025
BMC elections is all about money.
BJP will spend 15 crore per candidate with powerful advertising
Thackrey combined
25 seats+ 5 seats congress
BJP will put MIM in elections to divide muslim votes.
Congress must tie up with VBA & MIM
मुंबई कांग्रेस की बढ़ी चिंता
मुंबई कांग्रेस के नेताओं ने चेन्निथला के सामने पिछले विधानसभा चुनाव के अनुभव भी रखे। उनका कहना था कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने कई सीटों पर बिना पूछे अपने उम्मीदवार उतार दिए, जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। साथ ही, शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के साथ किसी भी समीकरण को लेकर भी पार्टी में बेचैनी है। नेताओं की दलील है कि एमएनएस का उत्तर भारतीयों के खिलाफ रवैया कांग्रेस की समावेशी राजनीति के खिलाफ जाता है। यही वजह है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मानता है कि मुंबई में अकेले लड़ना ही सही फैसला है।
कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला
कांग्रेस ने ये भी साफ कर दिया है कि इस बार उसका चुनावी एजेंडा पूरी तरह से आम लोगों के मुद्दों पर रहेगा चाहे वो प्रदूषण हो, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली या भ्रष्टाचार। चेन्निथला ने कहा कि पार्टी मुंबई की ‘धर्मनिरपेक्ष आत्मा’ की रक्षा के लिए तैयार है। उधर, वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा पर सीधा हमला बोला और कहा कि हर चुनाव में भाजपा सिर्फ धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करती है। उनके मुताबिक, अब मुंबई की जनता इन चालों को समझ चुकी है और चुनाव में इसका जवाब देगी। कुल मिलाकर, कांग्रेस का ये स्टैंड बीएमसी चुनाव को काफी दिलचस्प बना रहा है।
Keywords: BMC Elections 2026, Mumbai Politics, Ramesh Chennithala, Varsha Gaikwad, Maha Vikas Aghadi, Civic Polls

