बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब हटाने को लेकर हुआ विवाद पहले ही देश की विपक्षी पार्टियों के बीच चर्चा का विषय बन चुका था। अब इस विवाद की गूंज कंगाल पाकिस्तान तक पहुंच गई है। आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के कट्टरपंथी तत्व भी इस मुद्दे को उछालकर चर्चा बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। हिजाब विवाद को लेकर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कथित तौर पर धमकी दी है।
वीडियो में शहजाद भट्टी कहते नजर आ रहे हैं कि बिहार से जुड़ी एक घटना को लेकर सभी लोगों ने देखा है कि क्या हुआ। उनका आरोप है कि एक मुस्लिम बेटी के साथ गलत हरकत की गई। शहजाद भट्टी का कहना है कि बाद में लोग उन पर ही आरोप लगाने लगते हैं कि उन्होंने क्या कहा या किया। वे कहते हैं कि जिस व्यक्ति से यह गलती हुई है, उसे समय रहते उस बच्ची और महिला से माफी मांगनी चाहिए। उनका आरोप है कि जब इतने बड़े पद पर बैठा व्यक्ति किसी मुस्लिम बेटी के साथ ऐसा करता है, तब लोग चुप रहते हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित संस्थाओं से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बाद में शिकायत या शोर न मचाया जाए।
गिरिराज सिंह ने नितीश कुमार का किया समर्थन
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए कहा, “नीतीश कुमार ने कोई गलत काम नहीं किया है। अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है तो क्या वह अपना चेहरा नहीं दिखाएगी? क्या यह कोई इस्लामिक देश है? भारत में कानून का राज चलेगा। नीतीश कुमार ने सही किया।”
पप्पू यादव ने की माफी की मांग
हिजाब विवाद पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में कहा, “संजय निषाद ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया है, वह बेहद गलत है। गिरिराज सिंह और संजय निषाद को माफी मांगनी चाहिए। मेरा मानना है कि नीतीश कुमार का इरादा गलत नहीं था। यह मामला पहले ही खत्म हो चुका था, लेकिन इसके बाद जिस तरह की बयानबाजी हो रही है, वह अनुचित है। उन्होंने जो किया, वह उस समुदाय के लिए सही नहीं था, लेकिन उनका इरादा गलत नहीं था।”
बिहार पुलिस हुई सतर्क
पाकिस्तानी डॉन की धमकी वाला वीडियो वायरल होते ही बिहार पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है कि यह कहां से और कैसे वायरल हुआ। जांच के बाद बिहार पुलिस की साइबर क्राइम टीम इस पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल करेगी।
Keywords: Nitish Kumar Hijab Row, Pakistani Don Shehzad Bhatti Threat, Bihar CM Hijab Controversy

