दिल्ली में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिना वैलिड पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUCC) वाले वाहन मालिकों को गुरुवार यानी 18 दिसंबर से पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। मंगलवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसकी घोषणा की।
पर्यावरण को लेकर चिंतित सरकार
मंत्री ने कहा कि राजधानी में खतरनाक स्तर पर पहुंच चुके एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को देखते हुए यह सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया है।
3 दिन गंभीर, अब ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में AQI
दिल्ली का AQI लगातार 3 दिनों तक ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने के बाद मंगलवार को ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में दर्ज किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पर्यावरण मंत्री ने बताया कि आज AQI 363 दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा पिछले साल इसी दिन AQI 380 था जबकि इस साल 363 है। बीते 10 वर्षों से AQI इसी खतरनाक स्तर के आसपास बना हुआ है।
प्रदूषण के लिए AAP सरकार को ठहराया जिम्मेदार
मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रदूषण संकट के लिए पिछली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा दिल्ली को प्रदूषण की यह बीमारी पिछले 10 सालों में AAP सरकार ने दी है। किसी भी चुनी हुई सरकार के लिए 9–10 महीनों में AQI को पूरी तरह नियंत्रित करना नामुमकिन है। मंत्री ने आगे कहा कि मौजूदा सरकार हर दिन AQI को कम करने की दिशा में काम कर रही है और राजधानीवासियों से इसके लिए सहयोग की अपील की।
हवा की गति बढ़ने से AQI में मामूली सुधार
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज किया गया है। कोहरे की तीव्रता कम होने और हवा की गति बढ़ने के कारण AQI गंभीर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आया है। सुबह 8 बजे 24 घंटे का औसत AQI 377 दर्ज किया गया। शहर में हल्का कोहरा छाया रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में कम था।
Keywords: Delhi Fuel Ban Without PUCC, Vehicles Without PUCC Delhi, Delhi Petrol Diesel Ban

